
केटी न्यूज/नावानगर
भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के बीच नावानगर प्रखंड का कंजिया धाम ठाकुरजी के वार्षिकोत्सव पर श्रद्धालुओं से गुलजार रहा। वार्षिकोत्सव में उमड़ी भारी भीड़ ने धाम की बढ़ती धार्मिक लोकप्रियता की झलक पेश की। सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। देखते ही देखते मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गया। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे लोगों ने ठाकुरजी के दरबार में मत्था टेककर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर कंजिया धाम में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी रही। ठाकुरजी के जयकारों और धार्मिक वातावरण ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। वार्षिकोत्सव में महिला, पुरुष और बच्चों की भी अच्छी भागीदारी रही।

श्रद्धालुओं में दर्शन को लेकर खास उत्साह देखा गया। कंजिया धाम की धार्मिक पहचान यहां स्थापित भगवान लक्ष्मी-नारायण की भव्य प्रतिमा और पंचदीप की अखंड ज्योति से जुड़ी है। स्थानीय मान्यता के अनुसार मंदिर में पंचदीप की ज्योति करीब दो दशकों से निरंतर प्रज्वलित है। वर्ष 2010 में निर्मित मंदिर अपनी भव्य संरचना और ऊंचे शिखर के कारण भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। वार्षिकोत्सव के बहाने एक बार फिर कंजिया धाम में आस्था और सामाजिक एकजुटता का सुंदर दृश्य देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने इस धार्मिक स्थल की विशेष महत्ता को रेखांकित किया। दिनभर मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

__अनगिनत कन्याओं के पूजन से गूंजा कंजिया धाम, खीर प्रसाद पाने को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ः
कंजिया धाम में आयोजित ठाकुर जी के वार्षिकोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों और सेवा कार्यों की अनूठी छटा देखने को मिली। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। वार्षिकोत्सव के विशेष अवसर पर अनगिनत कुंवारी कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद सभी कन्याओं को श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और घंटियों की गूंज से पूरा धाम भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। धाम में चल रहे श्री लक्ष्मी नारायण रुद्र चंडी महायज्ञ को लेकर भी श्रद्धालुओं में खास उत्साह दिखा। यज्ञ मंडप की परिक्रमा करने के लिए दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। वहीं, मंदिर परिसर में महिलाओं की टोली भजन-कीर्तन और पारंपरिक मांगलिक गीतों के जरिए भक्ति का माहौल बनाए रही। विभिन्न भजन मंडलियों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए।

__ खीर प्रसाद के लिए लगी रही लंबी कतारेंः
वार्षिकोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण ठाकुर जी का खीर प्रसाद रहा। मंदिर परिसर और आसपास बनाए गए करीब चार दर्जन काउंटरों के माध्यम से लाखों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद पाने के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्थानीय मान्यता के अनुसार ठाकुर जी धाम की खीर ग्रहण करने से निरोग रहने और जीवन की बाधाओं से मुक्ति मिलने का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसी अटूट विश्वास के चलते दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे।

__सुरक्षा से लेकर सेवा तक दिखी सामूहिक भागीदारीः
श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। कोरानसराय से मठिला और धाम तक विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया गया। पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय युवा और स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। दर्शन और प्रसाद वितरण के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर सुचारु व्यवस्था बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

__ आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेशः
कंजिया ठाकुर जी धाम का वार्षिकोत्सव धार्मिक परंपरा के साथ सामाजिक एकजुटता का भी परिचायक बना। आसपास के गांवों के लोगों ने आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सेवा कार्यों में सहयोग दिया। कंजिया ठाकुर जी धाम समिति के अग्रणी ठुन्नू उपाध्याय ने बताया कि धाम में प्रत्येक वर्ष रुद्र चंडी महायज्ञ का आयोजन किया जाता है। हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। इस बार भी भक्तों की भारी उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को नई पहचान दी।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।