__ डुमरांव में कार्यकर्ता कन्वेंशन के दौरान 27 सदस्यीय जिला कमिटी गठित, वीरेन यादव बने जिला सचिव और रविशंकर राम को मिली जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी; 19-20 दिसंबर को होगा आठवां राष्ट्रीय सम्मेलन

केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव नगर भवन में मंगलवार को इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) का जिला कार्यकर्ता कन्वेंशन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कन्वेंशन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नौजवान कार्यकर्ताओं ने बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों के सवाल पर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से 27 सदस्यीय जिला कमिटी का गठन किया गया। कॉमरेड वीरेन यादव को जिला सचिव और कॉमरेड रविशंकर राम को जिला अध्यक्ष चुना गया। वहीं मो. नासिर हसन को जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। कन्वेंशन का उद्घाटन पूर्व विधायक एवं आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड अजीत कुशवाहा ने किया, जबकि समापन वक्तव्य पार्टी सचिव कॉमरेड नवीन कुमार ने दिया।

अपने संबोधन में अजीत कुशवाहा ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, लेकिन विडंबना है कि यहां का नौजवान बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में धांधली और निजीकरण जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। रोजगार और बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर सत्ता में आई सरकार के कार्यकाल में युवाओं के सामने सम्मानजनक रोजगार सबसे बड़ा सवाल बन गया है। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी नौकरियों में नियमित बहाली, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और समयबद्ध नियुक्ति आज युवाओं की प्रमुख मांग है। सरकारी संस्थानों के निजीकरण से न केवल रोजगार के अवसर घट रहे हैं, बल्कि सामाजिक न्याय और आरक्षण के अधिकार भी कमजोर हो रहे हैं। कॉमरेड नवीन कुमार ने कहा कि संविधान, लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की आजादी, महिला अधिकारों और देश की गंगा-जमुनी तहजीब पर हो रहे हमलों के खिलाफ नौजवानों को एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी।

__ बक्सर में जुटेंगे देशभर के नौजवान
कन्वेंशन में आरवाईए के आठवें राष्ट्रीय सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया गया। आगामी 19-20 दिसंबर 2026 को बक्सर में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन का उद्घाटन 19 दिसंबर को अमर शहीद अशफाक उल्ला खां, रामप्रसाद बिस्मिल और रोशन सिंह के शहादत दिवस पर होगा। सम्मेलन का केंद्रीय नारा होगा— 'धर्मेंद्र प्रधान झांकी है, ज्ञानेश-मोदी-शाह बाकी है', 'हम हैं इसके मालिक, हिंदुस्तान हमारा' और 'यंग इंडिया फॉर न्यू इंडिया'।

__ प्रखंडवार पदाधिकारियों का चयन
नवनिर्वाचित कमिटी में नावानगर प्रखंड सचिव रविरंजन सिंह यादव और अध्यक्ष रविशंकर मौर्य, डुमरांव सचिव अरविंद कुमार और अध्यक्ष बाबूलाल राम बनाए गए। वहीं बक्सर संयोजक कृष्ण यादव तथा केसठ प्रखंड संयोजक विमल सिंह चुने गए। कन्वेंशन में भगत सिंह, डॉ. भीमराव अंबेडकर, ज्योतिबा फुले, पेरियार और बिरसा मुंडा के विचारों से प्रेरित समतामूलक, लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया। अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने गांव-गांव और पंचायत-पंचायत तक युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा बक्सर में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन को सफल बनाने की प्रतिबद्धता जताई।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।