वोट चोरी के मुद्दे पर पीछे हटने को तैयार नहीं राजद, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
एमएलसी चुनाव में जीत के बाद राजद ने वोट चोरी के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर हमला तेज कर दिया है। राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी की लड़ाई अंतिम परिणाम आने तक जारी रहेगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव की वकालत की।

__ सुधाकर सिंह बोले- अंतिम परिणाम तक जारी रहेगी लड़ाई, चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव की उठाई मांग
केटी न्यूज/बक्सर।
एमएलसी चुनाव में जीत के बाद राजद ने वोट चोरी के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर हमला तेज कर दिया है। राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी की लड़ाई अंतिम परिणाम आने तक जारी रहेगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव की वकालत की। उन्होंने पुरानी व्यवस्था के तहत नियुक्ति प्रक्रिया में भारत के मुख्य न्यायाधीश की भागीदारी बहाल करने की मांग भी उठाई।सुधाकर सिंह ने कहा कि संविधान और कानून से ऊपर जाकर काम करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष को विशेषाधिकार हनन से संबंधित पत्र सौंपने की बात कही। साथ ही उम्मीद जताई कि जल्द ही इस संबंध में नोटिस जारी होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण दे रही है। जरूरत पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की भी बात कही।बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए सांसद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकार जनता के विश्वास के बजाय प्रबंधन और भय के सहारे चल रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है और देश में मध्यावधि चुनाव की स्थिति बन सकती है।

दिल्ली में एक नवंबर को प्रस्तावित रैली को लेकर उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत कार्यक्रम हर हाल में आयोजित किया जाएगा।उधर, आरा-भोजपुर के नवनिर्वाचित राजद एमएलसी सोनू राय ने जीत के बाद सभी नवनिर्वाचित एमएलसी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत लगी रहती है। राजद ने मजबूती से चुनाव लड़कर जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।


