चौसा नगर पंचायत में बदलेगी रात की तस्वीर, पांच साल तक रखरखाव के साथ लगेंगी 800 नई स्ट्रीट लाइटें

चौसा नगर पंचायत क्षेत्र की गलियों और सड़कों पर अब अंधेरे की समस्या दूर होने वाली है। नगर पंचायत प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था को लेकर व्यापक योजना तैयार की है। इसके तहत नगर के विभिन्न वार्डों में करीब 800 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।

चौसा नगर पंचायत में बदलेगी रात की तस्वीर, पांच साल तक रखरखाव के साथ लगेंगी 800 नई स्ट्रीट लाइटें

केटी न्यूज/चौसा

चौसा नगर पंचायत क्षेत्र की गलियों और सड़कों पर अब अंधेरे की समस्या दूर होने वाली है। नगर पंचायत प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था को लेकर व्यापक योजना तैयार की है। इसके तहत नगर के विभिन्न वार्डों में करीब 800 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। योजना को लेकर निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी को कार्यादेश जारी किया जाएगा।नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार नई स्ट्रीट लाइटें प्रमुख सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थानों और जरूरत वाले अन्य क्षेत्रों में लगाई जाएंगी। इससे रात के समय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और नगर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।

नगर पंचायत के स्वच्छता पदाधिकारी मो. अरसद ने बताया कि बढ़ती आबादी और नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह योजना तैयार की गई है। सभी वार्डों का आकलन कर आवश्यकता के अनुसार लाइटें लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा और इसे निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने बताया कि योजना की खास बात यह है कि केवल स्ट्रीट लाइट लगाने तक ही इसे सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि पांच वर्षों तक इनके रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी भी एजेंसी की होगी। इससे लाइट खराब होने की स्थिति में तत्काल सुधार संभव हो सकेगा और नगरवासियों को लगातार सुविधा मिलती रहेगी।

जानकारी के अनुसार एक स्ट्रीट लाइट की अनुमानित लागत करीब 11 हजार रुपये तय की गई है। करीब 800 लाइटों की स्थापना से नगर क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था का विस्तार होगा।नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि बेहतर रोशनी से जहां रात के समय लोगों को राहत मिलेगी, वहीं सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर उजाला रहने से असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी। नई स्ट्रीट लाइट योजना से चौसा नगर पंचायत की सूरत बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।