बकायेदारों पर सख्ती, 8 से 13 जून तक लगेगा ऋण वसूली कैंप

मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना, एनएमडीएफसी टर्म लोन योजना तथा मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक शिक्षा ऋण योजना के तहत वितरित ऋण की वसूली में तेजी लाने के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, बक्सर में 8 जून से 13 जून तक विशेष ऋण वसूली कैंप का आयोजन किया जाएगा।

बकायेदारों पर सख्ती, 8 से 13 जून तक लगेगा ऋण वसूली कैंप

__ समय पर ऋण नहीं चुकाने वालों पर लगेगा अतिरिक्त ब्याज व दंड, कानूनी कार्रवाई की भी चेतावनी

केटी न्यूज/बक्सर

मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना, एनएमडीएफसी टर्म लोन योजना तथा मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक शिक्षा ऋण योजना के तहत वितरित ऋण की वसूली में तेजी लाने के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, बक्सर में 8 जून से 13 जून तक विशेष ऋण वसूली कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान संबंधित योजनाओं के बकायेदार ऋणधारकों को अपने बकाये ऋण की राशि जमा करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी विवेक कुमार केशरी ने बताया कि कैंप का उद्देश्य ऋणधारकों को भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराना, समय पर ऋण चुकाने के लिए प्रेरित करना तथा लंबित ऋणों की वसूली सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि ऐसे सभी लाभुक जिनकी ऋण किस्त जमा करने की निर्धारित तिथि बीत चुकी है अथवा जिन्होंने अब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया है, वे निर्धारित अवधि में कैंप में पहुंचकर अधिक से अधिक राशि जमा करें।विभाग की ओर से सभी बकायेदारों को नोटिस जारी कर स्थिति से अवगत करा दिया गया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में बकाया राशि जमा नहीं करने वाले ऋणधारकों पर अतिरिक्त ब्याज और दंडात्मक शुल्क लगाया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित बकायेदारों के विरुद्ध दीवानी एवं फौजदारी मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि वसूली कैंप में अनुपस्थित रहने अथवा भुगतान से बचने के लिए दिए जाने वाले किसी भी प्रकार के स्पष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में विभाग कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए स्वतंत्र होगा।जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी ने सभी ऋणधारकों से अपील करते हुए कहा है कि वे अनावश्यक ब्याज, दंडात्मक शुल्क तथा संभावित कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए 8 से 13 जून तक आयोजित विशेष वसूली कैंप में अवश्य पहुंचें और अपने बकाये ऋण का भुगतान कर योजनाओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि समय पर ऋण चुकाने से न केवल लाभुकों की वित्तीय विश्वसनीयता बनी रहती है, बल्कि भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में भी सुविधा होती है।