दरवाजा लगाने को लेकर भड़का विवाद, महिलाओं समेत कई घायल
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के हरखाही मठिया गांव में दरवाजा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। भूमि संबंधी पुराने विवाद की पृष्ठभूमि में हुई इस घटना में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के हरखाही मठिया गांव में दरवाजा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। भूमि संबंधी पुराने विवाद की पृष्ठभूमि में हुई इस घटना में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।जानकारी के अनुसार, एक पक्ष की महिला अपने घर पर दरवाजा लगाने का कार्य करा रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन मामला जल्द ही उग्र हो गया और लाठी-डंडे चलने लगे।

मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं, जबकि घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।एक पक्ष की महिला ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि विरोध करने पहुंचे लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और बाद में लाठी-डंडे से हमला कर दिया। घटना में घायल होने के बाद उसका इलाज डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया। उसके बयान पर बिट्टू गिरी, प्रकाश गिरी, आदित्य गिरी समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

वहीं दूसरे पक्ष की महिला ने भी पुलिस को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोग उसके घर में घुस आए और बिना किसी कारण उसके साथ मारपीट की। इस मामले में मनोरंजन गिरी एवं दो महिलाओं समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

