राहगीरों से बदसलूकी में दो गिरफ्तार, शराब बरामद; तीसरे की तलाश
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के दियां गांव जाने वाली सड़क पर कृष्णजी मंदिर के समीप बुधवार की शाम राहगीरों और ऑटो चालक के साथ अभद्र व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों के पास से एक बोतल शराब भी बरामद हुई है।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के दियां गांव जाने वाली सड़क पर कृष्णजी मंदिर के समीप बुधवार की शाम राहगीरों और ऑटो चालक के साथ अभद्र व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों के पास से एक बोतल शराब भी बरामद हुई है। वहीं, उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर कृष्णजी मंदिर के समीप पहुंचे थे। वहां किसी बात को लेकर वे राहगीरों और ऑटो चालक के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। युवकों की हरकतों से आसपास के लोगों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और तीनों को पकड़ने की कोशिश की।

इस दौरान दो युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए, जबकि तीसरा भागने में सफल रहा। बाद में ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया।गिरफ्तार युवकों की पहचान अरक पश्चिम टोला निवासी संतोष सिंह और दियां परमेश्वर गांव निवासी सूरज कुमार गिरी के रूप में हुई है। वहीं, फरार युवक की पहचान अरक पश्चिम टोला निवासी ऋषि राज सिंह के रूप में बताई गई है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों के पास से एक बोतल शराब बरामद की।इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों गिरफ्तार आरोपितों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया। पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

