बंद घर और सोते परिवार को बनाया निशाना, एक ही रात में दो घरों में चोरी
शहर के हवाई अड्डा रोड स्थित मलहचकिया मोहल्ला में बीती रात चोरों ने एक ही इलाके के दो घरों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। चोरों ने एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी तथा एक पूर्व सैनिक के घर में घुसकर नकदी और लाखों रुपये मूल्य के आभूषणों की चोरी कर ली। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


__ मलहचकिया मोहल्ले में चोरों का आतंक; पूर्व सैनिक के घर से लाखों के आभूषण गायब, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी के यहां भी नकदी व जेवरात की चोरी
केटी न्यूज/बक्सर
शहर के हवाई अड्डा रोड स्थित मलहचकिया मोहल्ला में बीती रात चोरों ने एक ही इलाके के दो घरों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। चोरों ने एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी तथा एक पूर्व सैनिक के घर में घुसकर नकदी और लाखों रुपये मूल्य के आभूषणों की चोरी कर ली। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत और आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या-2 निवासी सेवानिवृत्त सहायक अवर निरीक्षक राधेश्याम प्रसाद के घर में चोर पीछे की लोहे की खिड़की उखाड़कर दाखिल हुए। भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य मुख्य द्वार बंद कर छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर के अंदर पहुंच गए और ड्रेसिंग टेबल के दराज में रखे 15 हजार रुपये नकद तथा लगभग 35 हजार रुपये मूल्य की चांदी की एक जोड़ी पायल लेकर फरार हो गए।

राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे जब वह किसी कार्य से नीचे आए तो घर के अंदर हलचल महसूस हुई। उनकी आहट पाकर चोर मौके से भाग निकले। उनका कहना है कि यदि समय रहते उनकी नींद नहीं खुलती तो चोर और भी अधिक सामान लेकर फरार हो सकते थे। उन्होंने बताया कि इससे पहले वर्ष 2007 में भी उनके घर में चोरी की घटना हो चुकी है। हाल ही में बेटी की शादी होने के कारण अधिकांश कीमती आभूषण उसे उपहार स्वरूप दे दिए गए थे, जिससे संभावित बड़ा नुकसान टल गया।इसी मोहल्ले में दूसरी बड़ी चोरी पूर्व सैनिक रमैया चौधरी के घर हुई। उनके पुत्र जितेंद्र चौधरी ने बताया कि उनके पिता पटना के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं।परिवार के सभी सदस्य पिछले तीन दिनों से पटना में थे और घर बंद पड़ा था।

चोरों ने इस स्थिति का लाभ उठाते हुए खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और कमरे में रखी लोहे की अलमारी को तोड़ दिया। अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए गए। चोरी गए गहनों की अनुमानित कीमत 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है।घटना की जानकारी पड़ोसियों ने घर का टूटा ताला और दरवाजा देखकर दी। सूचना मिलने पर जितेंद्र चौधरी पटना से बक्सर पहुंचे और मुफस्सिल थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।लगातार हुई इन चोरी की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। मोहल्लावासियों का कहना है कि पुलिस द्वारा गश्ती के दावे किए जाते हैं, लेकिन रात के समय कई इलाकों में पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आती, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं।

