बक्सर के पुराना भोजपुर निवासी अतुल सैनी की चतरा में दिनदहाड़े हत्या, आरोपी गिरफ्तार
झारखंड के चतरा में पुलिस अधीक्षक (एसपी) आवास के बाहर मंगलवार को हुए एक सनसनीखेज घटनाक्रम में बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत पुराना भोजपुर निवासी एवं पूर्व असम राइफल्स जवान अतुल कुमार सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या का आरोप उनके ही सहकर्मी निजी अंगरक्षक पर लगा है।

__ बेलागंज विधायक के पुत्र की सुरक्षा में थे तैनात; पारिवारिक विवाद नहीं, आपसी कहासुनी बनी वारदात की वजह
केटी न्यूज/डुमरांव
झारखंड के चतरा में पुलिस अधीक्षक (एसपी) आवास के बाहर मंगलवार को हुए एक सनसनीखेज घटनाक्रम में बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत पुराना भोजपुर निवासी एवं पूर्व असम राइफल्स जवान अतुल कुमार सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या का आरोप उनके ही सहकर्मी निजी अंगरक्षक पर लगा है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतुल कुमार सैनी कुछ वर्ष पूर्व असम राइफल्स की सेवा छोड़ने के बाद गया जिले के बेलागंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक मनोरमा देवी के पुत्र रॉकी यादव उर्फ विनीत यादव के निजी अंगरक्षक के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे रॉकी यादव किसी कार्य से चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेश नाथवानी से मिलने उनके सरकारी आवास पहुंचे थे।

इस दौरान उनके दोनों निजी अंगरक्षक अतुल कुमार सैनी और बलविंदर सिंह आवास के बाहर वाहन में मौजूद थे।बताया जाता है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में गंभीर विवाद में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बीच बलविंदर सिंह ने अपना हथियार निकालकर अतुल कुमार सैनी पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही अतुल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।गोली चलने की आवाज सुनते ही एसपी आवास पर तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बलविंदर सिंह को हथियार सहित हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।इधर, घटना की सूचना मिलते ही बक्सर जिले के पुराना भोजपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अतुल कुमार सैनी एक शिक्षित एवं सम्मानित परिवार से थे। उनके पिता लक्ष्मण प्रसाद सैनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता स्वर्गीय उषा देवी वर्ष 2006 से 2011 तक पुराना भोजपुर पंचायत की सरपंच रह चुकी थीं।

तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे स्थान पर रहे अतुल की शादी तीन वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सहतवार निवासी निक्की कुमारी से हुई थी। उनकी डेढ़ वर्ष की एक पुत्री माही कुमारी है। परिवार वर्तमान में गया के एपी कॉलोनी स्थित किराये के मकान में रह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पिता लक्ष्मण प्रसाद सैनी गया के लिए रवाना हो गए।इस घटना ने निजी सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मियों के बीच अनुशासन और हथियारों के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा हत्या के वास्तविक कारणों का जल्द खुलासा किया जाएगा।

