टेक्सटाइल कॉलोनी में बंद घर का ताला तोड़ लाखों के गहने उड़ाए, चोरों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

शहर के सबसे घनी आबादी वाले इलाकों में शुमार टेक्सटाइल कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। भीड़भाड़ वाले मोहल्ले में इस दुस्साहसिक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

टेक्सटाइल कॉलोनी में बंद घर का ताला तोड़ लाखों के गहने उड़ाए, चोरों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

__ सघन आबादी वाले मोहल्ले में दिनदहाड़े जैसी वारदात से दहशत, मायके गई महिला के घर को बनाया निशाना, पुलिस जांच में जुटी

केटी न्यूज/डुमरांव

शहर के सबसे घनी आबादी वाले इलाकों में शुमार टेक्सटाइल कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। भीड़भाड़ वाले मोहल्ले में इस दुस्साहसिक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत के साथ-साथ पुलिस गश्ती को लेकर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।जानकारी के अनुसार टेक्सटाइल कॉलोनी निवासी प्रियंका देवी, पति नरेंद्र सिंह, 18 जुलाई को अपने बच्चों के साथ मायके गई थीं। घर बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने घर में रखी ड्रेसिंग टेबल का लॉक भी तोड़ डाला तथा उसमें रखे कीमती आभूषण समेटकर फरार हो गए।

19 जुलाई को जब प्रियंका देवी वापस लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि ड्रेसिंग टेबल में रखे सोने का टीका, नथिया, सोने का लॉकेट समेत कई अन्य बहुमूल्य आभूषण गायब हैं। चोरी गए गहनों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पीड़िता ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को अंजाम देने वाले चोर स्थानीय थे या किसी बाहरी गिरोह ने इलाके की रेकी कर घटना को अंजाम दिया।

मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, टेक्सटाइल कॉलोनी जैसी सघन आबादी वाले इलाके में हुई इस चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है।