रामपुर आवासीय विद्यालय में डीएम की दस्तक, सुविधाओं की खुली पड़ताल

डॉ. अंबेडकर आवासीय विद्यालय, रामपुर में शनिवार को जिलाधिकारी साहिला ने अचानक पहुंचकर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम के निरीक्षण से विद्यालय प्रशासन में हलचल रही। उन्होंने छात्रों के पठन-पाठन, आवासन, भोजन, स्वास्थ्य, पुस्तकालय, खेलकूद, कंप्यूटर शिक्षा समेत विद्यालय की आधारभूत संरचना की बारीकी से पड़ताल की और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए स्पष्ट निर्देश दिए।

रामपुर आवासीय विद्यालय में डीएम की दस्तक, सुविधाओं की खुली पड़ताल

__ भोजन से लेकर पढ़ाई, स्वास्थ्य और भवन व्यवस्था तक की ली जानकारी, लापरवाही पर कार्रवाई और हर 15 दिन में निरीक्षण का निर्देश

केटी न्यूज/केसठ।

डॉ. अंबेडकर आवासीय विद्यालय, रामपुर में शनिवार को जिलाधिकारी साहिला ने अचानक पहुंचकर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम के निरीक्षण से विद्यालय प्रशासन में हलचल रही। उन्होंने छात्रों के पठन-पाठन, आवासन, भोजन, स्वास्थ्य, पुस्तकालय, खेलकूद, कंप्यूटर शिक्षा समेत विद्यालय की आधारभूत संरचना की बारीकी से पड़ताल की और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए स्पष्ट निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई, रहने, भोजन और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। डीएम ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर छात्र पहले अपने शिक्षकों को जानकारी दें। जरूरत पड़ने पर उप विकास आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी, डुमरांव को भी अवगत कराया जा सकता है।

__ मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन पर जोर

जिलाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि आवासीय विद्यालय में छात्रों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन मिले। छात्रों को नियमानुसार मिलने वाली सभी सुविधाएं भी समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

__ रात में भी खुलेगी लाइब्रेरी, बढ़ेंगी किताबें

कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए डीएम ने संध्या के बाद भी लाइब्रेरी खुली रखने का निर्देश दिया। साथ ही छात्रों की जरूरत के अनुरूप उपयोगी और पर्याप्त पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि प्रतियोगी और उच्च शिक्षा की तैयारी में छात्रों को परेशानी न हो।

__ भवन की मरम्मत जल्द कराने का निर्देश

विद्यालय की आधारभूत संरचना का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम को कमरों के रंग-रोगन, दरवाजे-खिड़कियों की मरम्मत और शौचालयों की जरूरी मरम्मत सहित अन्य लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। वहीं जिला कल्याण पदाधिकारी को कंप्यूटर कक्षा जल्द शुरू कराने, संगीत से जुड़ी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा खेलकूद के लिए पर्याप्त संसाधन मुहैया कराने को कहा गया।

__मेडिकल टीम करेगी सभी छात्रों की जांच

छात्रों के स्वास्थ्य को लेकर भी डीएम ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने सिविल सर्जन, बक्सर को मेडिकल टीम भेजकर विद्यालय में आवासित सभी छात्रों की स्वास्थ्य जांच कराने का निर्देश दिया। नियमित स्वास्थ्य देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

__ हर 15 दिन में निरीक्षण, अनुपस्थित शिक्षकों पर होगी कार्रवाई

विद्यालय की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करते हुए अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष को प्रत्येक 15 दिनों में विद्यालय का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। दोनों अधिकारियों को छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।डीएम ने जिला कल्याण पदाधिकारी को शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया। अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने अथवा बिना अनुमति विद्यालय से बाहर रहने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर इसकी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, संबंधित अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।