__ रामरेखा घाट को मॉडल घाट के रूप में विकसित करने की पहल, स्टेशन पर हेल्प डेस्क से लेकर घाटों पर लेजर शो तक की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश; व्रतियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण पर प्रशासन का विशेष जोर

केटी न्यूज/बक्सर।
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बक्सर में तैयारियों का दायरा अब घाटों से निकलकर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तक पहुंच गया है। छठ के दौरान दूसरे शहरों से आने वाले यात्रियों से लेकर गंगा घाटों पर अर्घ्य देने पहुंचने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी साहिला ने रेलवे स्टेशन से लेकर रामरेखा घाट, बस स्टैंड और गोलंबर तक विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी के निरीक्षण का मुख्य फोकस छठ के दौरान उमड़ने वाली भीड़, यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता और आवागमन को व्यवस्थित बनाने पर रहा। रेलवे स्टेशन पर उन्होंने स्टेशन प्रबंधक और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को नियमित रूप से छठ गीतों का प्रसारण कराने, परिसर की साफ-सफाई, रंग-रोगन और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बाहर से आने वाले यात्रियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क और तोरण द्वार लगाने के साथ ही पहले से स्थापित बाल सहायता केंद्र को भी पूरी तरह क्रियाशील बनाने का निर्देश दिया।

__ रामरेखा घाट को मॉडल घाट बनाने की तैयारी
निरीक्षण के दौरान रामरेखा घाट प्रशासन की प्राथमिकता में विशेष रूप से शामिल रहा। जिलाधिकारी ने घाट परिसर की सफाई, रंग-रोगन, प्रवेश और निकास मार्गों के स्पष्ट निर्धारण तथा जगह-जगह फ्लैक्स-बैनर लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और आकर्षण के लिए प्रस्तावित लेजर शो के संचालन से जुड़ी तैयारियां भी निर्धारित समय में पूरी होनी चाहिए। रामरेखा घाट को मॉडल घाट के रूप में विकसित करने की दिशा में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए आने-जाने वाले रास्तों पर स्पष्ट संकेतक लगाने का भी निर्देश दिया गया।

__ बस स्टैंड और गोलंबर पर भी बढ़ेंगी सुविधाएं
शहर के बस स्टैंड और गोलंबर क्षेत्र में भी साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, तोरण द्वार और छठ गीतों के नियमित प्रसारण की व्यवस्था करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ के दौरान शहर में आने-जाने वाले प्रमुख रास्तों पर गंदगी, जलजमाव, अंधेरा या यातायात संबंधी अव्यवस्था नहीं रहनी चाहिए।उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम और सुरक्षित बनाने का निर्देश दिया। पेयजल, रोशनी, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा और स्वच्छता की नियमित निगरानी पर भी विशेष बल दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित तथा सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।प्रशासनिक सक्रियता से साफ है कि इस बार छठ के दौरान केवल घाटों की सजावट ही नहीं, बल्कि पूरे शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।