पेंटो टूटते ही थमी श्रमजीवी एक्सप्रेस, दो अन्य ट्रेनें भी फंसीं

आरा-बक्सर रेलखंड पर मंगलवार की दोपहर श्रमजीवी एक्सप्रेस में अचानक आई तकनीकी खराबी ने रेल परिचालन की रफ्तार थाम दी। सिकरिया हाल्ट और बनाही रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन का पेंटोग्राफ (पेंटो) टूटने से 12391 अप श्रमजीवी एक्सप्रेस अप मेन लाइन पर खड़ी हो गई।

पेंटो टूटते ही थमी श्रमजीवी एक्सप्रेस, दो अन्य ट्रेनें भी फंसीं

__ सिकरिया हाल्ट-बनाही के बीच अप मेन लाइन पर करीब 50 मिनट खड़ी रही ट्रेन, तकनीकी खराबी से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

केटी न्यूज/डुमरांव।

आरा-बक्सर रेलखंड पर मंगलवार की दोपहर श्रमजीवी एक्सप्रेस में अचानक आई तकनीकी खराबी ने रेल परिचालन की रफ्तार थाम दी। सिकरिया हाल्ट और बनाही रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन का पेंटोग्राफ (पेंटो) टूटने से 12391 अप श्रमजीवी एक्सप्रेस अप मेन लाइन पर खड़ी हो गई। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी, वहीं रेलखंड पर चलने वाली अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ। पटना-कोटा और सिकंदराबाद एक्सप्रेस को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।जानकारी के अनुसार, राजगीर से नई दिल्ली जा रही श्रमजीवी एक्सप्रेस बनाही स्टेशन से सामान्य गति से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान सिकरिया हाल्ट के समीप अचानक ट्रेन रुक गई।

चालक ने इंजन के ऊपरी हिस्से की जांच की तो पेंटोग्राफ टूटा हुआ मिला। उसके आसपास तार के अवशेष भी लिपटे हुए थे। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना संबंधित रेलवे स्टेशन और तकनीकी विभाग को दी गई।सूचना मिलने के करीब 25 मिनट बाद मेंटेनेंस वाहन के साथ तकनीकी कर्मी मौके पर पहुंचे। खराब पेंटोग्राफ को हटाकर दूसरे पेंटोग्राफ की मदद से इंजन को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद करीब 50 मिनट तक खड़ी रहने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना किया गया।

__ मेन लाइन पर ट्रेन रुकने से परिचालन प्रभावित

श्रमजीवी एक्सप्रेस के अप मेन लाइन पर खड़े रहने से रेल परिचालन पर असर पड़ा। इस दौरान पटना-कोटा और सिकंदराबाद एक्सप्रेस को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। अचानक ट्रेन रुकने और उसके दोबारा चलने में हुई देरी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, तकनीकी खराबी के कारण अन्य ट्रेनों के परिचालन में भी विलंब हुआ। घटना ने व्यस्त रेलखंड पर तकनीकी खराबी से उत्पन्न होने वाली परिचालन संबंधी चुनौतियों को एक बार फिर सामने ला दिया।