338 सप्ताह से जारी है गंगा संरक्षण का अभियान, युवाओं की भागीदारी से बढ़ रही जागरूकता

गंगा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में चौसा में एक अनूठी पहल लगातार जारी है। गंगा युवा समिति के नेतृत्व में रविवार को 338वें साप्ताहिक गंगा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने गंगा घाट की सफाई कर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

338 सप्ताह से जारी है गंगा संरक्षण का अभियान, युवाओं की भागीदारी से बढ़ रही जागरूकता

केटी न्यूज/चौसा

गंगा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में चौसा में एक अनूठी पहल लगातार जारी है। गंगा युवा समिति के नेतृत्व में रविवार को 338वें साप्ताहिक गंगा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने गंगा घाट की सफाई कर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।चौसा बाजार स्थित गंगा घाट पर आयोजित अभियान के दौरान समिति के संयोजक भरत पांडेय के नेतृत्व में युवाओं ने घाट परिसर में फैले कचरे को एकत्र कर उसका निस्तारण किया। अभियान में शामिल युवाओं ने स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को गंगा तट को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया।

भरत पांडेय ने कहा कि गंगा केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की जीवनरेखा है। इसके संरक्षण के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित सफाई अभियान का उद्देश्य केवल कचरा हटाना नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना भी है।अभियान के दौरान घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं, महिलाओं और युवाओं को गंगा में कूड़ा-कचरा नहीं डालने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। समिति के सदस्यों ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की।लगातार 338 सप्ताह से चल रहे इस अभियान ने क्षेत्र में गंगा संरक्षण के प्रति नई चेतना पैदा की है। स्थानीय लोगों का मानना है कि नियमित जनसहभागिता और जागरूकता कार्यक्रमों के कारण गंगा तट की स्वच्छता को लेकर लोगों में पहले की तुलना में अधिक संवेदनशीलता आई है।