सैनिक समागम को भव्य बनाने में जुटे पूर्व सैनिक, 24 मई को बक्सर किला मैदान में होगा बड़ा आयोजन

24 मई को बक्सर किला मैदान में आयोजित होने वाले सैनिक समागम समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने को लेकर रविवार को आईईएसएम (पूर्व सैनिक संघ) बक्सर की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय एवं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया।

सैनिक समागम को भव्य बनाने में जुटे पूर्व सैनिक, 24 मई को बक्सर किला मैदान में होगा बड़ा आयोजन

__ रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ होंगे मुख्य अतिथि, पेंशन अदालत भी लगेगी

केटी न्यूज/बक्सर

24 मई को बक्सर किला मैदान में आयोजित होने वाले सैनिक समागम समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने को लेकर रविवार को आईईएसएम (पूर्व सैनिक संघ) बक्सर की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय एवं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया।बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 200 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह को लेकर संगठन की रणनीति, तैयारी और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि 24 मई को सुबह 10 बजे से शाम 4:45 बजे तक चलने वाले इस समारोह के मुख्य अतिथि भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ होंगे।

बैठक में जानकारी दी गई कि सैनिक समागम का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और सैनिक परिवारों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल करना है। समारोह में सीजीडीए एवं पीसीडीए की ओर से पेंशन अदालत भी लगाई जाएगी, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे और सैनिकों की पेंशन तथा एरियर से जुड़ी समस्याओं का समाधान करेंगे।चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय ने कहा कि समारोह को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी पूर्व सैनिक युद्ध स्तर पर तैयारी में जुटेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल सैनिकों का कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज के सम्मान और सेवा का भी आयोजन है, इसलिए सभी समाजसेवियों को भी इसमें सादर आमंत्रित किया गया है।

जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने कहा कि कार्यक्रम में सहयोग कर रहे सभी संगठन सम्मानपूर्वक आमंत्रित हैं और हर कोई अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने कहा कि सभी सैनिक संगठनों का उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने बताया कि बक्सर ही नहीं बल्कि बिहार, उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों से भी पूर्व सैनिक इस समारोह में शामिल होंगे।बैठक में आईईएसएम बक्सर द्वारा पूर्व सैनिकों के हित में किए जा रहे कार्यों की भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने बताया कि संगठन अब तक निःशुल्क एवं निस्वार्थ भाव से लगभग 10 करोड़ रुपये पेंशन और एरियर दिलाने में सफल रहा है।

इसके लिए एफएडीएस विश्वजीत सहाय, पीसीडीए प्रधान नियंत्रक कवलदीप सिंह, सीजीडीए ए.एन. दास, पीसीडीए अधिकारी मनोज सिंह समेत रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।बैठक के अंत में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और सैनिक एकता के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। अंत में सभापति कैप्टन बी.एन. पांडे ने बैठक समाप्ति की घोषणा की।इस मौके पर लेफ्टिनेंट आर.बी. ओझा, कैप्टन निवास सिंह, कैप्टन संजय पाठक, सूबेदार मेजर आर.बी. सिंह, पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह, कैप्टन कन्हैया पंडित, सूबेदार कमलेश्वर राय सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं वीरांगनाएं मौजूद रहीं।