बूंद-बूंद बचाने निकला ‘जल पुत्र’, गर्मी में लोगों के लिए बना उम्मीद की मिसाल

भीषण गर्मी और लगातार गिरते जलस्तर के बीच जहां लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, वहीं डुमरांव के “जल पुत्र” के नाम से चर्चित अजय राय पानी बचाने की अनोखी मुहिम से लोगों के बीच उम्मीद जगा रहे हैं। हाथ में जागरूकता का संदेश और दिल में जल संरक्षण का संकल्प लेकर अजय इन दिनों शहर से गांव तक घूम-घूमकर लोगों को पानी की कीमत समझा रहे हैं।

बूंद-बूंद बचाने निकला ‘जल पुत्र’, गर्मी में लोगों के लिए बना उम्मीद की मिसाल

--डुमरांव में घर-घर जाकर पानी बचाने का संदेश दे रहे अजय राय, विधायक ने किया सम्मानित

केटी न्यूज/डुमरांव :

भीषण गर्मी और लगातार गिरते जलस्तर के बीच जहां लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, वहीं डुमरांव के “जल पुत्र” के नाम से चर्चित अजय राय पानी बचाने की अनोखी मुहिम से लोगों के बीच उम्मीद जगा रहे हैं। हाथ में जागरूकता का संदेश और दिल में जल संरक्षण का संकल्प लेकर अजय इन दिनों शहर से गांव तक घूम-घूमकर लोगों को पानी की कीमत समझा रहे हैं।अजय राय का मानना है कि “आज पानी बचा लिया जाए, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा।” यही सोच उन्हें वर्षों से जल संरक्षण अभियान से जोड़े हुए है।

खास बात यह है कि वे केवल भाषण या अपील तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपने निजी खर्च से हजारों नलों में टोटी लगवा चुके हैं ताकि बेवजह बहने वाले पानी को रोका जा सके।गर्मी के इस मौसम में जब कई इलाकों में पानी की किल्लत बढ़ गई है, तब अजय राय लोगों को यह समझाने में जुटे हैं कि छोटी-छोटी सावधानियां बड़े संकट को टाल सकती हैं। वे मोहल्लों, गांवों, सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के साथ-साथ कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण की शपथ दिला रहे हैं। बच्चों को वे पानी बचाने के आसान तरीके भी बता रहे हैं ताकि यह अभियान घर-घर तक पहुंच सके।

अजय की इस अनूठी पहल की चर्चा अब जनप्रतिनिधियों तक भी पहुंच चुकी है। डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने उनके समर्पण और समाज के प्रति योगदान को सराहते हुए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है और अजय राय का अभियान समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है।सम्मान मिलने के बाद अजय राय ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है जो पानी बचाने की सोच रखते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि पानी को बर्बाद होने से रोकें और जल संरक्षण को अपनी आदत बनाएं।