स्टेशन रोड पर सजेगा ‘मां वैष्णो देवी धाम’, नवरात्र में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
नवरात्र के आगमन के साथ ही डुमरांव शहर में पूजा पंडालों को अंतिम रूप देने की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। स्टेशन रोड स्थित व्यापार मंडल परिसर में इस बार श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के दर्शन के साथ जम्मू-कश्मीर स्थित प्रसिद्ध वैष्णो देवी धाम की अनुभूति कराने की तैयारी है।

__ छह वर्षों से अलग-अलग स्वरूप में हो रही मां दुर्गा की आराधना, इस बार वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर तैयार हो रहा भव्य पंडाल
केटी न्यूज/डुमरांव।
नवरात्र के आगमन के साथ ही डुमरांव शहर में पूजा पंडालों को अंतिम रूप देने की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। स्टेशन रोड स्थित व्यापार मंडल परिसर में इस बार श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के दर्शन के साथ जम्मू-कश्मीर स्थित प्रसिद्ध वैष्णो देवी धाम की अनुभूति कराने की तैयारी है। श्री आदि शक्ति मां दुर्गा पूजा समिति द्वारा वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल का स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र बनने वाला है।समिति के अध्यक्ष विनय गुप्ता ने बताया कि पिछले छह वर्षों से समिति द्वारा मां दुर्गा की पूजा-अर्चना अलग-अलग स्वरूपों में की जाती रही है। हर वर्ष कुछ नया करने की कोशिश की जाती है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण का अनुभव मिल सके। इसी क्रम में इस वर्ष मां वैष्णो देवी के धाम की तर्ज पर पंडाल तैयार करने का निर्णय लिया गया है।

__ दिन-रात चल रहा निर्माण कार्य
पंडाल निर्माण को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए समिति के सदस्य पिछले कई दिनों से दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। कारीगरों और समिति के सदस्यों की टीम पंडाल की सजावट, संरचना और प्रतिमा स्थापना को अंतिम रूप देने में जुटी है। समिति का कहना है कि पूजा के दौरान यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को मां के भव्य स्वरूप का दर्शन कराने के साथ ऐसा वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास है, जिससे उन्हें आध्यात्मिक अनुभूति हो।समिति के सदस्यों के अनुसार, पंडाल के निर्माण में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। नवरात्र के दौरान स्टेशन रोड से गुजरने वाले लोगों के लिए यह पंडाल विशेष आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है।

पूजा आयोजन को सफल बनाने में दीपू कुमार, राज कुमार, अजीत कुमार, हेमंत कुमार, अभिजीत कुमार, रिंकू, गोविंद जी, संतोष साह, पुतुल, सरोज, संदीप शर्मा, अम्पू, बब्लू साह, अंकित, विक्की केशरी, महान तिवारी, विजय साह, बच्चालाल साह, मनोज साह, मनीष राय समेत समिति के अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति के सदस्यों का कहना है कि श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के भव्य दर्शन कराने के लिए तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

