डुमरांव में अमन-चैन के बीच निकला मिलाद-उन-नबी का जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जयंती के अवसर पर मनाया जाने वाला ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व मंगलवार को डुमरांव में श्रद्धा, उल्लास और आपसी सौहार्द के बीच संपन्न हुआ। शहर के विभिन्न मोहल्लों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।

डुमरांव में अमन-चैन के बीच निकला मिलाद-उन-नबी का जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

__ जुलूस के दौरान हर गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर, संवेदनशील इलाकों में तैनात रहे पुलिसकर्मी व दंडाधिकारी; आपसी भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश

केटी न्यूज/डुमरांव।

पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जयंती के अवसर पर मनाया जाने वाला ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व मंगलवार को डुमरांव में श्रद्धा, उल्लास और आपसी सौहार्द के बीच संपन्न हुआ। शहर के विभिन्न मोहल्लों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। धार्मिक नारों और नात-ए-पाक के बीच निकला जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरता हुआ शहर के प्रमुख हिस्सों तक पहुंचा। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की मुबारकबाद देते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया।पर्व को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती थी। जुलूस के मार्ग और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। दंडाधिकारी भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा स्वयं विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जुलूस की निगरानी करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

पुलिस की सक्रियता के कारण पूरे आयोजन के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए पुलिसकर्मी भी सक्रिय रहे। प्रमुख मार्गों पर भीड़ को नियंत्रित करते हुए वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित किया गया। वहीं, स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से जगह-जगह शरबत व पेयजल की व्यवस्था की गई थी। इससे जुलूस में शामिल लोगों को काफी राहत मिली।ईद मिलाद-उन-नबी के मौके पर अकीदतमंदों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलने तथा समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।

आयोजन में मंसूर हाशमी, मोहम्मद इस्लाम, राजू खान, समीर हाशमी, बॉर्डर मियां, मिंटू हाशमी, मुन्ना खान, चुना हाशमी, मोहम्मद मुकीम, मोहम्मद अकबर, मोहम्मद सुल्तान, मोहम्मद सिराजुद्दीन, अब्दुल अलीम हाशमी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।पर्व के शांतिपूर्ण समापन के बाद प्रशासन ने स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सभी पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाए जाने चाहिए। समाज में शांति और एकता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। डुमरांव में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ मिलाद-उन-नबी का आयोजन एक बार फिर सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश कर गया।