धूमधाम से की गई देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना व आरती

प्रखंड मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ की गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पंडाल बनाकर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित की गई। सुबह से ही पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी।

धूमधाम से की गई देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना व आरती

केटी न्यूज/केसठ। 

प्रखंड मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ की गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पंडाल बनाकर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित की गई। सुबह से ही पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी।श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के समक्ष अक्षत, फूल, चंदन, धूप, अगरबत्ती, फल आदि अर्पित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद कई स्थानों पर हवन और आरती का आयोजन किया गया। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।प्रखंड के केसठ और दसियांव गांव में विश्वकर्मा पूजा समितियों के तत्वावधान में प्रतिमा स्थापित कर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। वहीं रामपुर स्थित पावर हाउस परिसर में जेई अवनीश कुमार के नेतृत्व में कर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा की। इस दौरान विद्युत उपकरणों और मशीनों की भी विधिवत पूजा की गई।इसके अलावा रामपुर, कतिकनार, किरनी, डिहरा समेत अन्य गांवों में भी विश्वकर्मा पूजा को लेकर विशेष आयोजन किए गए।

वाहन मालिकों ने अपने-अपने वाहनों की साफ-सफाई कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा स्थलों पर बज रहे भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।विश्वकर्मा पूजा को लेकर विभिन्न प्रतिष्ठानों, दुकानों, गैराज, वर्कशॉप और तकनीकी संस्थानों में भी विशेष तैयारी की गई थी। कई जगहों पर पूजा के अवसर पर नई दुकानों और प्रतिष्ठानों का शुभारंभ भी किया गया। पूरे दिन श्रद्धालुओं का पूजा स्थलों पर आना-जाना लगा रहा। आयोजन को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।