__ 25 निजी कंपनियों ने 1000 से अधिक पदों के लिए की बहाली प्रक्रिया, 1555 युवाओं ने जमा किए आवेदन; 15 को निःशुल्क अध्ययन सामग्री और 17 को औजार किट वितरित

केटी न्यूज/बक्सर।
बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सोमवार को बक्सर में महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला नियोजनालय के तत्वावधान में संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई परिसर, चरित्रवन में एक दिवसीय रोजगार-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले में युवाओं की भारी भागीदारी रही। निजी क्षेत्र की 25 कंपनियों ने 1000 से अधिक रिक्त पदों के लिए अपनी बहाली प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान कुल 1555 अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र और जीवनवृत्त जमा किए, जिनमें से कंपनियों ने प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के तहत 800 युवाओं को छांटा। वहीं, कुछ चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति प्रस्ताव पत्र भी सौंपे गए।

मेले का उद्घाटन बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्र, प्रभारी जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, श्रम अधीक्षक संजय कुमार और जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस मौके पर विधायक आनंद मिश्र ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक जिले में 'नियोजक आपके द्वार' कार्यक्रम के तहत ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन करा रही है। युवाओं को इसका भरपूर लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नौकरी की शुरुआत में वेतन से अधिक कार्यकुशलता, अनुभव और प्रशिक्षण को महत्व देना चाहिए। युवाओं को अपने करियर के विकल्प सीमित नहीं रखने चाहिए। परिस्थितियां अनुकूल हों तो दूसरे राज्यों में उपलब्ध अवसरों का भी लाभ उठाना चाहिए।

साथ ही उन्होंने युवाओं से नौकरी पाने वाले के बजाय रोजगार उपलब्ध कराने वाला बनने की दिशा में भी प्रयास करने की अपील की।वहीं, प्रभारी जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं और निजी कंपनियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार पाने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास, व्यावसायिक प्रशिक्षण और स्वरोजगार की संभावनाओं को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि युवाओं तक रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी पहुंचे तथा वे उनका लाभ उठा सकें।

__ रोजगार के साथ स्वरोजगार का भी मिला मार्गदर्शन
मेले में निजी कंपनियों के अलावा जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, शिव दुर्गा ट्रेडर्स और एलआरडी के चार विशेष परामर्श केंद्र भी लगाए गए। इनके माध्यम से 134 युवाओं को स्वरोजगार और व्यवसाय शुरू करने से संबंधित जानकारी दी गई। जिले के स्थानीय नवोदित उद्यम शिव दुर्गा ट्रेडर्स को विशेष रूप से स्थान दिया गया, ताकि स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन मिल सके।युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए मेले में 15 अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क अध्ययन सामग्री किट तथा 17 युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने में मदद के लिए औजार किट प्रदान की गई। सभी अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों के काउंटरों का निरीक्षण कर पदों की संख्या, कार्यस्थल और नौकरी की प्रकृति की जानकारी ली।

__ 28 दिसंबर को लगेगा अगला रोजगार मेला
इच्छुक अभ्यर्थी बिहार रोजगार सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए जिला नियोजनालय के दूरभाष संख्या 06183-450946 पर संपर्क किया जा सकता है। युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अगला रोजगार मेला 28 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा।मौके पर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के अलावा धीरज कुमार, तिरुपति नाथ शर्मा, कामेश्वर प्रसाद, जिला कौशल प्रबंधक विवेक कुमार सहित जिला नियोजनालय के अन्य कर्मी मौजूद रहे।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।