युवा उत्सव में डुमरांव के कलाकारों का जलवा, लोकनृत्य में पीएम श्री उच्च विद्यालय प्रथम
कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभाओं के रंगों से शनिवार को बक्सर का नगर भवन गुलजार रहा। कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 में जिले के युवा प्रतिभागियों ने अपनी कला और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।

__ नगर भवन में जिलास्तरीय युवा उत्सव-2026 का आयोजन, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक में प्रतिभाओं ने दिखाया हुनर
केटी न्यूज/बक्सर।
कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभाओं के रंगों से शनिवार को बक्सर का नगर भवन गुलजार रहा। कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 में जिले के युवा प्रतिभागियों ने अपनी कला और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। लोकनृत्य की थिरकन, लोकगीतों की मधुरता, चित्रकला की कल्पनाशीलता और कविता लेखन की अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। विभिन्न विधाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, स्थापना उप समाहर्ता, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बक्सर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराने के साथ कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।

__ लोकनृत्य में डुमरांव का दबदबा
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना से प्राप्त निर्देश के अनुरूप आयोजित प्रतियोगिताओं में समूह लोकनृत्य का खिताब सीपीएसएस हाई स्कूल (पीएम श्री उच्च विद्यालय), डुमरांव की टीम ने अपने नाम किया। जासो हाई स्कूल, बक्सर की टीम दूसरे और शिवानी एवं उनकी टीम तीसरे स्थान पर रही। इस उपलब्धि के साथ डुमरांव के कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का परिचय दिया।

__ लोकगीत में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र अव्वल
समूह लोकगायन प्रतियोगिता में आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, बक्सर की कृष्णा एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। राज उच्च विद्यालय, डुमरांव की ज्योति एवं उनकी टीम दूसरे और डुमरांव के अमित एवं उनकी टीम तीसरे स्थान पर रहे। प्रतिभागियों ने लोकगीतों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की।
__ चित्रकला और कविता लेखन में भी दिखी प्रतिभा
चित्रकला प्रतियोगिता में बक्सर के आयुष कुमार ने पहला और प्रतिज्ञा कुमारी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, कविता लेखन में साक्षी कुमारी प्रथम और पलक द्वितीय स्थान पर रहीं। इन विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक अभिव्यक्ति का प्रदर्शन किया।

__ नुक्कड़ नाटक और वक्तृता में भी मिली सफलता
नुक्कड़ नाटक में कुंदन एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, वक्तृता प्रतियोगिता में डुमरांव की नूरी ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को उप विकास आयुक्त, बक्सर और जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने पुरस्कृत किया।जिला स्तरीय युवा उत्सव ने जिले की उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर दिया। विभिन्न विधाओं में युवाओं की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि बक्सर में सांस्कृतिक प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता निखारने और जिले की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हैं।


