नवानगर में छात्रों का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग; शांतिपूर्ण माहौल में फूंका पुतला

डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के नवानगर प्रखंड में शुक्रवार को छात्रों और युवाओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई गई तथा प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया गया।प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।

नवानगर में छात्रों का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग; शांतिपूर्ण माहौल में फूंका पुतला

केटी न्यूज/नवानगर/केसठ।

 डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के नवानगर प्रखंड में शुक्रवार को छात्रों और युवाओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई गई तथा प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।समाजसेवी सुनील कुमार सिंह उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि युवाओं की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। लोकतंत्र में संवाद ही समस्याओं के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों का आक्रोश किसी एक घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था, बेरोज़गारी, महंगाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर बढ़ते असंतोष का परिणाम है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीते वर्षों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और गड़बड़ियों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही बढ़ती बेरोज़गारी और महंगाई ने युवाओं की चिंता और बढ़ा दी है। उन्होंने सरकार से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा आंदोलनकारी छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।पप्पू यादव ने कहा कि देश का युवा अपने अधिकार, सम्मान और सुरक्षित भविष्य की मांग कर रहा है। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखते हुए शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से अपनी बात रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आंदोलन अपनी मांगों को लेकर जारी रहेगा।कार्यक्रम की अध्यक्षता वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के छात्र नेता अभिषेक यादव, लाल साहेब कुमार, राहुल मौर्य, अमन कुमार एवं अन्य छात्र-युवा प्रतिनिधियों ने की। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा इसमें शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की मौजूदगी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।