__15 स्टॉलों पर सजे लजीज व्यंजन, 45 काउंटरों के जरिए छात्र-छात्राओं ने सीखा व्यापार का व्यावहारिक ज्ञान
केटी न्यूज/नावानगर
बच्चों की प्रतिभा को किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें व्यावहारिक जीवन से जोड़ने की पहल होनी चाहिए। इसी के तहत शनिवार को डुमरांव-बिक्रमगंज पथ स्थित ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल में बाल मेला सह फूड फेस्टिवल का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और चहल-पहल का माहौल रहा। खास बात यह रही कि मेले की पूरी जिम्मेदारी बच्चों के हाथों में थी। किसी ने पकवान बनाने की जिम्मेदारी संभाली तो किसी ने ग्राहकों को खाना परोसने और बिक्री का हिसाब रखने का काम किया। मेले में कक्षा पांचवीं से नौवीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कुल 15 स्टॉल और 45 काउंटर बनाए गए थे। प्रत्येक स्टॉल पर पांच-पांच बच्चों की टीम ने अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाईं। बिक्री के लिए टोकन व्यवस्था भी लागू की गई थी। बच्चों ने गोलगप्पे, चाट, चाउमीन, पाव भाजी, डोसा, छोला, कचौड़ी, पनीर की सब्जी, गुलाब जामुन, सैंडविच, फ्रूट चाट, उत्तपम और कॉफी समेत कई व्यंजन तैयार कर ग्राहकों को परोसे।कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के निदेशक दीपक कुमार ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से ही आत्मनिर्भरता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है।

ऐसे आयोजनों से उन्हें सामान तैयार करने, उसकी कीमत निर्धारित करने, ग्राहकों से संवाद करने और बिक्री का हिसाब रखने का अनुभव मिलता है।विद्यालय अध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाना नहीं, बल्कि बच्चों को जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है। ऐसे आयोजन नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से प्रेरित इस आयोजन ने बच्चों को स्वरोजगार और उद्यमिता की शुरुआती समझ देने का प्रयास किया।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।