__ रामरेखा घाट समेत अन्य घाटों पर चला सघन जांच अभियान, बिना निबंधन व सुरक्षा मानकों के परिचालित एक नाव जब्त; नाविकों को नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी

केटी न्यूज/बक्सर
गंगा घाटों पर यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले नाव संचालकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अवैध एवं अनिबंधित नावों के परिचालन पर रोक लगाने के लिए जिला परिवहन कार्यालय की टीम ने रामरेखा घाट समेत शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए परिचालित एक अनिबंधित नाव को जब्त कर लिया गया। साथ ही नाव मालिक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी प्रशांत रमानिया ने किया। अभियान के दौरान घाटों पर परिचालित नावों के निबंधन प्रमाणपत्र, फिटनेस, नाविकों के लाइसेंस तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध जीवन रक्षक उपकरणों की जांच की गई। जांच में एक नाव बिना वैध निबंधन और आवश्यक सुरक्षा मानकों के परिचालित पाई गई। इसके बाद परिवहन विभाग की टीम के निर्देश पर नगर परिषद ने उक्त नाव को तत्काल जब्त कर लिया।

__ नियमों की अनदेखी पर होगी कठोर कार्रवाई
जिला परिवहन पदाधिकारी ने नाव संचालकों और नाविकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बिना वैध निबंधन एवं फिटनेस प्रमाणपत्र के गंगा नदी में नाव का परिचालन किसी भी परिस्थिति में नहीं किया जाए। नाव के निबंधन के लिए अनुमंडल कार्यालय में आवेदन देने का निर्देश भी दिया गया है। इसके अलावा नावों पर निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने, बिना लाइसेंस नाव चलाने तथा अप्रशिक्षित या नाबालिगों से नाव संचालन कराने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रत्येक नाव में यात्रियों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त लाइफ जैकेट, रस्सी और अन्य जीवन रक्षक उपकरण रखना अनिवार्य होगा। सूर्यास्त के बाद तथा तेज हवा, कोहरा या खराब मौसम की स्थिति में नाव परिचालन बंद रखने की हिदायत दी गई है।

__ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की कवायद
प्रशासन का उद्देश्य गंगा घाटों पर संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और जल मार्ग से आवागमन को सुरक्षित बनाना है। डीटीओ ने कहा कि नगर परिषद एवं अंचल कार्यालय के सहयोग से घाटों पर नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले नाव संचालकों को बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस पहल से घाटों पर अवैध नाव परिचालन पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उम्मीद है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।