__ सीडीए पटना की टीम ने जीवन प्रमाण पत्र व दस्तावेजों में त्रुटियों का किया सुधार, आईईएसएम ने सैनिक कल्याण पदाधिकारी को सौंपा आवेदन
केटी न्यूज/बक्सर।
पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को पेंशन संबंधी समस्याओं तथा दस्तावेजों में सुधार के लिए होने वाली परेशानी से राहत दिलाने के उद्देश्य से शनिवार को बक्सर में विशेष पहल की गई। सीडीए पटना से पहुंचे अधिकारियों ने सैनिकों एवं वीरांगनाओं के जीवन प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों में त्रुटियों को दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों को लाभ मिला, जिससे उनके बीच खुशी और संतोष का माहौल देखने को मिला। सीडीए पटना से डबल एएओ रत्नेश सिन्हा तथा अधिकारी प्रभाकर सिंह बक्सर पहुंचे थे। उन्होंने पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं की समस्याओं को सुनते हुए जीवन प्रमाण पत्र एवं दस्तावेजों से संबंधित मामलों का निपटारा किया।

इस पहल से कई पूर्व सैनिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।इसी क्रम में आईईएसएम बक्सर के जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल राघवेंद्र प्रताप सिंह से मिले। प्रतिनिधिमंडल ने बक्सर में स्पर्श सेंटर खोलने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर स्पर्श सेंटर खुलने से पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को पेंशन, जीवन प्रमाण पत्र तथा अन्य दस्तावेजी समस्याओं के समाधान में काफी सुविधा होगी और उन्हें दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

मांग पर जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी ने आईईएसएम बक्सर से औपचारिक आवेदन देने को कहा। इसके बाद संगठन के जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने शीघ्र ही आवेदन सौंप दिया। कर्नल राघवेंद्र प्रताप सिंह ने सीडीए पटना की स्पर्श टीम तथा आईईएसएम बक्सर के पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी को धन्यवाद दिया। इस मौके पर कर्नल राघवेंद्र शरण, सूबेदार जय कुमार चौबे, सूबेदार मेजर जितेंद्र चौबे, सूबेदार सुदामा प्रसाद, सूबेदार विनोद कुमार मिश्रा, नायब सूबेदार धनंजय दुबे, सूबेदार मेजर रामशंकर सिंह, सूबेदार हरिशंकर सिंह, सूबेदार सुरेश सिंह यादव, सूबेदार शिवमंगल सिंह, सूबेदार ओमप्रकाश शर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी और सैकड़ों पूर्व सैनिक एवं वीरांगनाएं मौजूद थीं।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।