- सड़क दुर्घटनाओं पर संकल्प पत्र भरवाए गए, जागरूकता रैली निकालकर दिया सुरक्षित यातायात का संदेश
केटी न्यूज/डुमरांव।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज एनएच-922 स्थित दलसागर टोल प्लाजा के समीप 'रक्षक सड़क सुरक्षा मिशन' के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा महा जन-जागरूकता अभियान चलाया गया जन-जागरूकता अभियान इस अभियान में ट्रैफिक पुलिस बक्सर, नया भोजपुर थाना पुलिस, विभिन्न वाहन चालकों एवं जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, रॉन्ग साइड वाहन नहीं चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही सैकड़ों वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा संकल्प पत्र भरवाकर सुरक्षित यातायात के प्रति शपथ दिलाई गई। अभियान के तहत एक छोटी जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से आम लोगों को यह संदेश दिया गया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी भर की खुशियां छीन सकती है।

अभियान के संयोजक कृष्णा शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। हमारा उद्देश्य किसी पर कार्रवाई करवाना नहीं, बल्कि लोगों को समझाकर जिम्मेदार वाहन चालक बनाना और अनमोल जिंदगियों को बचाना है। यह अभियान पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों के सामूहिक सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा।

अंत में अभियान की ओर से अपील की गई कि सड़क पर नियमों का पालन करें, रॉन्ग साइड से वाहन न चलाएं और याद रखें—आपका घर पर कोई इंतजार कर रहा है।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।