गरीब बेटियों की शादी का जिम्मा उठाएंगे राजू दुबे, समाजसेवा की नई पहल
प्रखंड के केसठ गांव स्थित मां काली मंदिर परिसर में गुरुवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए मंदिर की देखरेख कर रहे राजू दुबे ने गरीब एवं असहाय परिवारों की बेटियों के विवाह का पूरा खर्च उठाने का संकल्प लिया। इस घोषणा का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया और इसे समाज में मानवता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।
केसठ के मां काली मंदिर परिसर में हुई बैठक, जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए ग्रामीणों ने लिया संकल्प
केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड के केसठ गांव स्थित मां काली मंदिर परिसर में गुरुवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए मंदिर की देखरेख कर रहे राजू दुबे ने गरीब एवं असहाय परिवारों की बेटियों के विवाह का पूरा खर्च उठाने का संकल्प लिया। इस घोषणा का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया और इसे समाज में मानवता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।

बैठक की अध्यक्षता राजू दुबे ने की। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि क्षेत्र के ऐसे परिवार, जो आर्थिक अभाव के कारण अपनी बेटियों का विवाह कराने में असमर्थ हैं, उनकी हरसंभव सहायता की जाएगी। राजू दुबे ने स्पष्ट कहा कि आर्थिक तंगी किसी भी बेटी के विवाह में बाधा नहीं बनने दी जाएगी। जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर सामाजिक सहयोग के माध्यम से उनकी बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम और संपन्न लोगों को भी ऐसे पुनीत कार्यों में आगे आकर योगदान देना चाहिए। मां काली मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि समाजसेवा और जनकल्याण का भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों का चयन कर जल्द ही सहायता की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि समय पर उन्हें सहयोग मिल सके। राजू दुबे ने यह भी घोषणा की कि जिन गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी वह लेंगे, उनका संपूर्ण खर्च स्वयं वहन करेंगे। उनका कहना था

कि समाज की बेटियां सभी की जिम्मेदारी हैं और उनके सम्मानजनक विवाह के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। बैठक के दौरान उन्होंने मां शायर देवी मंदिर के निर्माण कार्य की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और जल्द ही यह श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसके निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक कार्यक्रमों को भी नई दिशा मिलेगी।

बैठक में उपस्थित ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने राजू दुबे की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे और मानव सेवा की भावना को मजबूत करते हैं तथा जरूरतमंद परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आते हैं। इस अवसर पर गोपाल उपाध्याय, राजेश पाल, ओमनाथ उपाध्याय, नरेंद्र पाल, अंटू उपाध्याय, वरुण पाल, सुधीर सिंह, रविंद्र पासवान, नकुल कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने इस सामाजिक अभियान को सफल बनाने और जरूरतमंद परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया।
