अंतरराष्ट्रीय मंच पर बक्सर का मान बढ़ाने वाले अविनाश पहलवान का डीएम ने बढ़ाया सम्मान

अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारतीय कुश्ती टीम के साथ अपनी भूमिका निभाकर लौटे चौसा के अविनाश पहलवान के सम्मान में अब जिला प्रशासन भी आगे आया है। सोमवार को जिला पदाधिकारी साहिला ने अविनाश को मोमेंटो और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य और डीएसपी गौरव पांडेय भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताया।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर बक्सर का मान बढ़ाने वाले अविनाश पहलवान का डीएम ने बढ़ाया सम्मान

__ एशियाई खेलों में भारतीय कुश्ती टीम के स्पोर्टिंग स्टाफ का हिस्सा बनकर लौटे चौसा के लाल को मिला सम्मान; एसपी और डीएसपी ने भी थपथपाई पीठ

केटी न्यूज/बक्सर।

अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारतीय कुश्ती टीम के साथ अपनी भूमिका निभाकर लौटे चौसा के अविनाश पहलवान के सम्मान में अब जिला प्रशासन भी आगे आया है। सोमवार को जिला पदाधिकारी साहिला ने अविनाश को मोमेंटो और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य और डीएसपी गौरव पांडेय भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताया।जापान में आयोजित एशियाई खेलों में भारतीय कुश्ती टीम के स्पोर्टिंग स्टाफ के सदस्य के रूप में अविनाश की भागीदारी ने उन्हें क्षेत्र में खास पहचान दिलाई है। उनकी इस उपलब्धि को लेकर जिले के खेल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह है। जिला प्रशासन की ओर से मिला सम्मान उनके योगदान को सार्वजनिक रूप से सराहने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

__ गोलंबर से चौसा तक गूंजा स्वागत, युवाओं ने लहराया तिरंगा

जापान से लौटने के बाद अविनाश के स्वागत में रविवार को बक्सर गोलंबर से चौसा तक जुलूस निकाला गया था। इसमें युवाओं और खेल प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया और तिरंगा लहराकर स्वागत किया गया। अपने क्षेत्र के एक युवा को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय कुश्ती टीम के साथ जुड़ा देखकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।चौसा पहुंचने पर अविनाश ने महादेवा घाट स्थित महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे चौसा रेलवे स्टेशन पर आयोजित सम्मान समारोह में शामिल हुए। वहां भी युवाओं और स्थानीय लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया।

__ स्थानीय प्रतिभाओं के लिए बने प्रेरणा

अविनाश का सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि का अभिनंदन नहीं, बल्कि जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश भी है। उनकी उपलब्धि से स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलने की उम्मीद है। खेल प्रेमियों का मानना है कि जब स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान और सम्मान मिलता है, तो नई पीढ़ी का आत्मविश्वास बढ़ता है। चौसा के अविनाश की उपलब्धि ने बक्सर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का एक नया उत्साह दिया है।