__ नगर परिषद ने पूरी की तैयारियां, साफ-सफाई से लेकर पहुंच पथ तक चाक-चौबंद व्यवस्था; व्रतियों की सुविधा और घाटों की स्वच्छता पर रहेगी विशेष नजर
केटी न्यूज/डुमरांव।
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर डुमरांव शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत के सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंचने के साथ ही शहर के विभिन्न छठ घाट सज-धजकर तैयार हो गए हैं।

शनिवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसे लेकर डुमरांव नगर परिषद प्रशासन ने घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ की मरम्मत और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। अब शहर के घाट व्रतियों और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार हैं।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दूबे ने स्वयं विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने घाटों की स्वच्छता, आसपास के इलाकों की सफाई, आवागमन के रास्तों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान संबंधित कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ के दौरान व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दूबे ने कहा कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि नगरवासियों की आस्था, विश्वास और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। व्रतियों को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, यह नगर परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि घाटों की सफाई केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पर्व के दौरान भी लगातार निगरानी रखी जाएगी। जहां भी गंदगी या अव्यवस्था की सूचना मिलेगी, वहां तत्काल सफाई कराई जाएगी।

उन्होंने सफाई कर्मियों को घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले रास्तों को साफ-सुथरा रखने का निर्देश दिया। नगर परिषद की कोशिश है कि व्रतियों को घाटों तक पहुंचने और पूजा-अर्चना करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।इधर, घाटों की तैयारियां पूरी होने के साथ ही

शहर में छठ की रौनक बढ़ गई है। सूप, दउरा, फल और पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल तेज है। घरों से लेकर घाटों तक छठी मइया के गीत गूंजने लगे हैं। रविवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के प्रधान सहायक दुर्गेश कुमार सिंह और नगर परिषद के ब्रांड एंबेसडर अजय राय भी मौजूद रहे।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।