__ चार महीने बाद भी नहीं मिला सुराग, युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप; पुलिस से पुत्री की बरामदगी की लगाई गुहार
केटी न्यूज/नावानगर
सोनवर्षा थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में युवती के पिता ने थाने में लिखित आवेदन देकर एक युवक पर अपनी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पिता ने पुलिस से मामले की जांच कर पुत्री को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है।

थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, बीते 27 जुलाई 2026 को उनकी पुत्री अचानक घर से लापता हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से आसपास के इलाकों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आवेदन में पिता ने गांव के ही जीतू कुमार तथा उसके सहयोगी मनीष कुमार एवं रितेश कुमार पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया है

कि वह उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पिता का कहना है कि संबंधित युवक भी घटना के बाद से अपने घर पर नहीं मिल रहा है। आवेदन में युवक और युवती के मोबाइल नंबर का भी उल्लेख किया गया है। पुत्री के अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं।

पिता ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी पुत्री का पता लगाकर उसे सकुशल घर वापस लाने की मांग की है। आवेदन मिलने के बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।