__ चौसा-मोहनिया मार्ग पर बारातियों की कार बाइक से टकराने के बाद पेड़ से भिड़ी, चार युवकों की दर्दनाक मौत, दो बाइक सवार गंभीर

केटी न्यूज/बक्सर।
जिस सफर की शुरुआत शहनाई की गूंज, शादी के उल्लास और अपनों के साथ खुशियां बांटने की उम्मीद से हुई थी, उसका अंत चार परिवारों के लिए कभी न भरने वाले जख्म के रूप में हुआ। चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर सोनपा गांव के हनुमान राय के डेरा के समीप हुए भीषण सड़क हादसे ने न सिर्फ चार युवकों की जिंदगी छीन ली, बल्कि कई परिवारों की खुशियों को भी मातम में बदल दिया। हादसे में तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।

मृतकों में उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव निवासी 30 वर्षीय बादल कुमार, पिता संतोष ठाकुर, 25 वर्षीय इरफान अंसारी, 20 वर्षीय अरबाज खान, पिता सोबन अली तथा बक्सर जिले के उतरौली गांव निवासी 34 वर्षीय अरुण कुमार, पिता रामनिधि शामिल हैं। अरुण को गंभीर हालत में सदर अस्पताल बक्सर ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक सवार सौरी गांव निवासी 22 वर्षीय शुभम राय, पिता अनिल राय और शिवम गंभीर रूप से घायल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।

बारात के काफिले में शामिल थी दुर्घटनाग्रस्त कार
मिली जानकारी के अनुसार, बारात का काफिला भतौरा गांव से चौसा यादव मोड़ के रास्ते कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित विशनपुरा गांव जा रहा था। इसी दौरान हनुमान राय के डेरा के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले बाइक से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बारात में शामिल अन्य वाहनों के पहिए भी थम गए।

एक हादसे ने उजाड़ दिए कई परिवार
कुछ देर पहले तक शादी की खुशियों में शामिल लोग अचानक अपनों की मौत की खबर से बदहवास हो उठे। जिन घरों में बारात की तैयारियां और मंगलगीत गूंजने थे, वहां अब चीख-पुकार और सिसकियों का माहौल है। भतौरा से लेकर उतरौली, सौरी और विशनपुरा तक इस हृदयविदारक हादसे की खबर पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।