__ पांच पदकों के साथ गांव लौटे भाई-बहन का ऐतिहासिक अभिनंदन, बक्सर स्टेशन से कम्हरिया तक उमड़ा जनसैलाब; चांदनी ने बयां की तानों और मुश्किलों के बीच सफलता हासिल करने की दास्तां

केटी न्यूज/चौसा।
कभी जिन कदमों को सामाजिक तानों और बंदिशों के बीच आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की गई, आज उन्हीं कदमों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर सफलता की नई इबारत लिख दी है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में पांच पदक जीतकर लौटे कम्हरिया गांव के भाई-बहन चंदन कुमार साहनी और चांदनी कुमारी का बुधवार को ऐसा भव्य स्वागत हुआ कि पूरा इलाका गौरव और उत्साह से सराबोर हो उठा। उनकी उपलब्धि ने न सिर्फ परिवार और गांव, बल्कि पूरे बक्सर जिले का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। दोनों खिलाड़ियों के बक्सर पहुंचने की सूचना मिलते ही सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों की भीड़ जुटने लगी। स्टेशन पर पहुंचते ही गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और नारों के बीच उनका जोरदार अभिनंदन किया गया।

इसके बाद स्टेशन से कम्हरिया गांव तक स्वागत का सिलसिला चलता रहा। रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों ने फूल बरसाकर, माला पहनाकर और मिठाइयां खिलाकर दोनों खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। अपने लोगों से मिले इस अपार स्नेह और सम्मान को देखकर चंदन और चांदनी भावुक हो उठे। इस दौरान चांदनी ने अपनी कामयाबी के पीछे छिपे संघर्ष की कहानी साझा कर लोगों को भावुक कर दिया। उसने बताया कि जब वह अभ्यास के लिए दौड़ने निकलती थी, तब आसपास के कई लोग ताने कसते थे। कुछ लोग यहां तक कहते थे कि शादी की उम्र में बेटी को दौड़ाया जा रहा है। सामाजिक सोच की इन बंदिशों के बावजूद उसने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया। इस कठिन सफर में पिता का सहयोग उसकी सबसे बड़ी ताकत बना। पिता ने हर परिस्थिति में उसका हौसला बढ़ाया और खेल के प्रति उसके जुनून को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया।

चांदनी ने कहा कि परिवार के इसी भरोसे और अपनी निरंतर मेहनत की बदौलत वह अंतरराष्ट्रीय मुकाम हासिल कर सकी है। आगे भी देश और समाज का नाम रोशन करना उसका सपना है। वहीं, चंदन साहनी ने कहा कि करीब 20 वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद एशियन चैंपियनशिप में मिली सफलता उनके लिए बेहद खास है। स्टेशन से गांव तक जिस तरह लोगों ने प्यार और सम्मान दिया, उसे वह जीवनभर याद रखेंगे। यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगा। कमरपुर पंचायत के समाजसेवी अरविंद शुक्ला उर्फ रिंकू शुक्ला ने कहा कि गांव के बेटे और बेटी की उपलब्धि पूरे पंचायत के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने चर्चित फिल्मी संवाद 'मेरी छोरियां किसी छोरों से कम हैं क्या' का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायत की कोई भी प्रतिभा आगे बढ़ना चाहेगी तो उसे हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

वहीं, पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज कुमार यादव ने खिलाड़ियों के घर पहुंचकर दोनों भाई-बहनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि चंदन और चांदनी ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती। गांव की मिट्टी से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का परचम लहराना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से दोनों अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ सरकारी नौकरी देने की मांग भी की।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।