__ संध्या अर्घ्य के बाद बिगड़ी सरस्वती देवी की तबीयत, सोमवार की भोर में ली अंतिम सांस; मां को खोने के गम में बेटों के परिवार ने बीच में ही रोक दिया चार दिवसीय अनुष्ठान
केटी न्यूज/डुमरांव।
लोक आस्था के महापर्व छठ की खुशियां उस वक्त एक परिवार के लिए जीवनभर का दर्द बन गईं, जब सूर्योपासना के बीच घर की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जिस आंगन में छठी मइया के गीत गूंज रहे थे और भगवान भास्कर को अर्घ्य देने की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। मां के निधन ने बेटों के परिवार को इस कदर तोड़ दिया कि चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व का अनुष्ठान बीच में ही रोकना पड़ा। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने का संकल्प भी पूरा नहीं हो सका। मर्मांतक घटना नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 30 की है। यहां निवासी गुप्तेश्वर शर्मा की पत्नी सरस्वती देवी का सोमवार की सुबह करीब चार बजे निधन हो गया। बताया जाता है कि वह पिछले दो दिनों से बीमार थीं।

तीन दिन पहले उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने पर चिकित्सकों ने रविवार को उन्हें छुट्टी दे दी थी। लेकिन घर लौटने के बाद अचानक उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई और कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया। इधर, उनके दोनों पुत्र टुनटुन कुमार शर्मा और सोनू शर्मा का परिवार पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ छठ महापर्व मना रहा था। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य भी दिया गया था। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर अनुष्ठान पूरा करने की तैयारी थी। लेकिन भोर में मां के निधन की खबर ने सब कुछ बदल दिया। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक छठ की रौनक थी, वहां अब अपनों को खोने का विलाप गूंजने लगा। परिवार के इस दुखद घटनाक्रम से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।