बक्सर में भीषण गर्मी का असर, 27 जून तक स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां बंद
जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। गर्मी के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव और संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।

__ लू और बढ़ते तापमान को देखते हुए डीएम साहिला ने जारी किया आदेश, प्री स्कूल से 12वीं तक की कक्षाएं रहेंगी स्थगित
केटी न्यूज/बक्सर।
जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। गर्मी के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव और संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।जिला दण्डाधिकारी साहिला ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए बक्सर जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक की पढ़ाई पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। यह आदेश प्री स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्रों और कोचिंग संस्थानों पर भी लागू होगा।

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध आगामी 22 जून से प्रभावी होगा और 27 जून तक जारी रहेगा। इस अवधि में किसी भी विद्यालय या शिक्षण संस्थान में बच्चों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उद्देश्य बच्चों को भीषण गर्मी और लू से बचाना है, ताकि उनके स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल असर न पड़े।गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान लगातार सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर छोटे बच्चों के लिए दोपहर के समय घर से बाहर निकलना स्वास्थ्य के लिहाज से जोखिम भरा माना जा रहा है।

इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है।प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन और संबंधित संस्थानों को आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।इस आदेश के बाद अभिभावकों को भी राहत मिली है। भीषण गर्मी के बीच बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर अभिभावक लगातार चिंतित थे। अब 27 जून तक बच्चों को गर्मी और लू से बचाव का अवसर मिलेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी के दौरान बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

