भरत तिवारी मामले की न्यायिक जांच की मांग तेज, कांग्रेस ने मांगा एक करोड़ मुआवजा और आश्रित को नौकरी
भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत बिलौटी गांव निवासी स्वर्गीय भरत तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत के मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मामले की उच्चस्तरीय जांच, एक करोड़ रुपये मुआवजा और मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को बिलौटी गांव पहुंचा।


__ बिलौटी गांव पहुंचा कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल, परिजनों को न्याय दिलाने तक संघर्ष जारी रखने का दिया भरोसा
केटी न्यूज/बक्सर।
भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत बिलौटी गांव निवासी स्वर्गीय भरत तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत के मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मामले की उच्चस्तरीय जांच, एक करोड़ रुपये मुआवजा और मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को बिलौटी गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव संघर्ष करने का भरोसा दिया।प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा सांसद एवं पूर्व बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे।

नेताओं ने परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में कानून का शासन सर्वोपरि है और हर नागरिक को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि भरत तिवारी प्रकरण की जांच किसी न्यायिक स्तर के अधिकारी या स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी अधिकारी या कर्मी की लापरवाही अथवा नियमों की अनदेखी सामने आती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार की पीड़ा तक सीमित नहीं है, बल्कि न्याय और मानवाधिकार से जुड़ा गंभीर विषय है।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों की बातों को गंभीरता से लेते हुए सरकार को निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्याय मिलने तक कांग्रेस पार्टी परिवार के साथ खड़ी रहेगी।पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि परिवार इस समय आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है।उन्होंने सरकार से तत्काल मानवीय आधार पर सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से मांग की कि पूरे मामले की समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, संबंधित पुलिस अधिकारियों की भूमिका की समीक्षा हो, मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।

परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी मिले तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं न्यायिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।प्रतिनिधिमंडल में बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता भोला ओझा, भोजपुर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अशोक राम, डॉ. शशि भूषण पांडेय, संतोष पांडेय सहित दर्जनों कांग्रेस नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि इस मामले को मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के समक्ष भी उठाया जाएगा तथा न्याय की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।अंत में कांग्रेस नेताओं ने स्वर्गीय भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की।

