झुग्गी-झोपड़ियों में अगलगी रोकने को विशेष अभियान, डुमरांव अग्निशमन विभाग ने किया मॉक ड्रिल
गर्मी के मौसम में बढ़ते अग्निकांड की घटनाओं को देखते हुए शनिवार को डुमरांव अग्निशमालय क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान झुग्गी-झोपड़ियों एवं आग प्रभावित होने वाले इलाकों में मॉक ड्रिल आयोजित कर लोगों को आग से बचाव के उपाय बताए गए। अभियान का उद्देश्य गर्मी के दिनों में होने वाली अगलगी की घटनाओं को रोकना तथा लोगों को समय रहते सतर्क करना था।

__ गर्मी के मौसम में सतर्कता बरतने की अपील, ग्रामीण इलाकों में भी पहुंची टीम
केटी न्यूज/डुमरांव
गर्मी के मौसम में बढ़ते अग्निकांड की घटनाओं को देखते हुए शनिवार को डुमरांव अग्निशमालय क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान झुग्गी-झोपड़ियों एवं आग प्रभावित होने वाले इलाकों में मॉक ड्रिल आयोजित कर लोगों को आग से बचाव के उपाय बताए गए। अभियान का उद्देश्य गर्मी के दिनों में होने वाली अगलगी की घटनाओं को रोकना तथा लोगों को समय रहते सतर्क करना था।अग्निशमन विभाग की टीम ने डुमरांव अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों एवं बस्तीवासियों को आग लगने की स्थिति में तुरंत क्या करना चाहिए, इसकी जानकारी दी। साथ ही घरेलू स्तर पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया गया।

विभाग की टीम ने बताया कि गर्मी के दिनों में तेज हवा, सूखी घास-फूस, बिजली की अनियमित वायरिंग, चूल्हे की चिंगारी तथा लापरवाही के कारण झुग्गी-झोपड़ियों में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ जाती हैं।इस विशेष अभियान के तहत ब्रह्मपुर के मुशहर टोली, सिमरी के दियारा क्षेत्र, डुमरांव की अनुसूचित जाति बस्ती, सोनवर्षा समेत अन्य संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर वहां मॉक ड्रिल कराया गया। टीम ने लोगों को बाल्टी, मिट्टी, पानी, रेत एवं प्राथमिक संसाधनों से आग बुझाने के प्रारंभिक तरीके बताए। साथ ही आग लगने पर अफरा-तफरी नहीं मचाने, बच्चों और बुजुर्गों को पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई।डुमरांव अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी शिखा कुमारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

इसलिए सभी लोग सजग रहें और विशेष रूप से झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में चूल्हा, गैस सिलेंडर, बिजली तार एवं जलती सामग्री को लेकर सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि आग लगने से पहले ही लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि जान-माल की क्षति रोकी जा सके।शिखा कुमारी ने आगे कहा कि अग्निशमन विभाग लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान चलाकर लोगों को प्रशिक्षित कर रहा है। आने वाले दिनों में भी ऐसे मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि आग लगने की किसी भी घटना को छिपाएं नहीं, बल्कि तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।स्थानीय लोगों ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ेगी और हादसों को काफी हद तक रोका जा सकेगा।

