डुमरी के लाल नवीन नितेश पांडेय को मिला ‘गांव की माटी मानस कला अवॉर्ड 2026’

बक्सर जिले के डुमरी गांव निवासी युवा कलाकार एवं लोकगायक नवीन नितेश पांडेय को मध्यप्रदेश में आयोजित तीन दिवसीय “गांव की माटी राष्ट्रीय लोकरंग महोत्सव” में ‘गांव की माटी मानस कला अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया।

डुमरी के लाल नवीन नितेश पांडेय को मिला ‘गांव की माटी मानस कला अवॉर्ड 2026’

--मध्यप्रदेश के राष्ट्रीय लोकरंग महोत्सव में भोजपुरी लोकसंस्कृति के संरक्षण के लिए हुए सम्मानित

केटी न्यूज/डुमरांव

बक्सर जिले के डुमरी गांव निवासी युवा कलाकार एवं लोकगायक नवीन नितेश पांडेय को मध्यप्रदेश में आयोजित तीन दिवसीय “गांव की माटी राष्ट्रीय लोकरंग महोत्सव” में ‘गांव की माटी मानस कला अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें भोजपुरी लोकसंस्कृति और संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। सम्मान मिलने के बाद डुमरी समेत पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।मध्यप्रदेश के सीधी जिले के शकुंतला पैलेस हत्था में आयोजित इस महोत्सव का आयोजन उत्थान सामाजिक साहित्यिक संस्कृति समिति एवं मान्या संगीत एकेडमी के तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल भैया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान देश के 22 राज्यों से आए कलाकारों ने अपनी-अपनी लोकभाषाओं और लोकसंस्कृतियों की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।सम्मान प्राप्त करने के बाद नवीन नितेश पांडेय ने कहा कि संगीत हमारी संस्कृति की आत्मा है और लोकगीत समाज की पहचान होते हैं। उन्होंने भोजपुरी भाषा और संस्कृति को देशभर में पहचान दिलाने को अपना उद्देश्य बताया। उन्होंने कहा कि “धन्य है मध्यप्रदेश की मिट्टी, जहां बिहार और भोजपुरी संस्कृति को इतना सम्मान मिला।”नवीन नितेश पांडेय बचपन से ही संगीत और रंगमंच से जुड़े रहे हैं। महज 12 वर्ष की उम्र से उन्होंने गीत, गजल और नाटकों की प्रस्तुति शुरू कर दी थी।

वर्ष 2014 से 2024 तक वह 100 से अधिक सांस्कृतिक महोत्सवों में अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं। साथ ही उन्होंने करीब 500 युवाओं को हिंदी और भोजपुरी टीवी रियलिटी शो में भाग लेने के लिए प्रेरित और जागरूक किया है।उन्हें इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वर्ष 2018 में फिल्म थिएटर फेस्टिवल सम्मान, 2019 में भोजपुरी सिनेमा स्क्रीन अवार्ड, 2020 में नेशनल आर्टिस्ट यूनियन अवार्ड एवं ब्रांड एंबेसडर ऑफ बिहार, 2021 में भिखारी ठाकुर स्मृति सम्मान, 2022 में भारत हुनर सम्मान, 2023 में परशुराम रत्न अवार्ड तथा 2024 में लोकरंग संगीत सम्मान प्राप्त हो चुका है।

वहीं 2025 में उन्हें वायरल सेलिब्रिटी अवॉर्ड, साहित्य रत्न सम्मान और राष्ट्रीय बाणभट्ट सम्मान से भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने लोकगीतों को समाज और संस्कृति का दर्पण बताया। मौके पर गायिका अंशिका सिंह, दिव्या द्विवेदी, करण सिंह तोमर, प्रत्यूष द्विवेदी समेत विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने भोजपुरी, हिंदी, बघेली, बंगाली, आसामी और आदिवासी लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।