चौसा-बक्सर में जनगणना अभियान तेज, अधिकारियों ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश

जिले में जनगणना कार्य के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं गणना अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रशासन की निगरानी में विभिन्न प्रखंडों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार घर-घर जाकर आंकड़े संकलित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रखंड चौसा के बनारपुर गांव में प्रगणक राम लाल एवं पर्यवेक्षक सुरेंद्र उपाध्याय (सर्किल संख्या-7) द्वारा भवन संख्या 38, मकान संख्या 0039 के अंतर्गत घर के मुखिया शैलेंद्र सिंह के आवास का सूचीकरण सहायक समाहर्ता फरखंदा कुरैशी की उपस्थिति में संपन्न किया गया।

चौसा-बक्सर में जनगणना अभियान तेज, अधिकारियों ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर

जिले में जनगणना कार्य के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं गणना अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रशासन की निगरानी में विभिन्न प्रखंडों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार घर-घर जाकर आंकड़े संकलित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रखंड चौसा के बनारपुर गांव में प्रगणक राम लाल एवं पर्यवेक्षक सुरेंद्र उपाध्याय (सर्किल संख्या-7) द्वारा भवन संख्या 38, मकान संख्या 0039 के अंतर्गत घर के मुखिया शैलेंद्र सिंह के आवास का सूचीकरण सहायक समाहर्ता फरखंदा कुरैशी की उपस्थिति में संपन्न किया गया।

वहीं प्रखंड बक्सर के लक्ष्मीपुर गांव में प्रगणक सुरेंद्र प्रसाद एवं पर्यवेक्षक गोपाल राय द्वारा भवन संख्या 1, परिवार संख्या 1 के अंतर्गत पिंटू राय के मकान का गणना कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी तथा लाइजन पदाधिकारी हेमंत कुमार चौबे (सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी एवं मास्टर प्रशिक्षक) भी मौके पर उपस्थित रहे और कार्यों का जायजा लिया।सहायक समाहर्ता फरखंदा कुरैशी ने चौसा एवं बक्सर प्रखंड के सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य की गुणवत्ता और सटीकता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि जनगणना के आंकड़े विश्वसनीय और उपयोगी बन सकें।

इसके साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में पूर्ण सहयोग करें तथा प्रगणकों द्वारा पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों का सही एवं स्पष्ट उत्तर दें। जिन परिवारों ने स्वयं स्वगणना कर ली है, उनसे अनुरोध किया गया कि वे अपनी स्वगणना आईडी परिवार के अन्य जिम्मेदार सदस्य को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रगणक के आने पर प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण किया जा सके।प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य की प्रतिदिन चार्ज स्तर पर अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए, जिससे अभियान की प्रगति पर सतत निगरानी रखी जा सके और किसी भी प्रकार की बाधा को समय रहते दूर किया जा सके।