पांच साल से अधर में 385 पीएम आवास, अब होगी नीलाम वाद की कार्रवाई
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत गरीबों को पक्का मकान देने की मंशा अब कई लाभुकों की लापरवाही के कारण अधर में लटकती दिख रही है। डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में वर्ष 2015 से 2021 के बीच चयनित 1212 लाभुकों में से 385 ऐसे पाए गए हैं, जिन्होंने पहली किस्त की राशि लेने के बावजूद अबतक मकान निर्माण शुरू नहीं किया है।


--पहली किस्त लेने के बाद भी नहीं शुरू किया निर्माण, नगर परिषद ने दी अंतिम चेतावनी
केटी न्यूज/डुमरांव
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत गरीबों को पक्का मकान देने की मंशा अब कई लाभुकों की लापरवाही के कारण अधर में लटकती दिख रही है। डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में वर्ष 2015 से 2021 के बीच चयनित 1212 लाभुकों में से 385 ऐसे पाए गए हैं, जिन्होंने पहली किस्त की राशि लेने के बावजूद अबतक मकान निर्माण शुरू नहीं किया है। मामले को गंभीर मानते हुए नगर परिषद प्रशासन ने अब कड़ा रुख अपनाने का निर्णय लिया है।नगर परिषद के अनुसार योजना के तहत अबतक 877 लाभुक ही अपना आवास निर्माण पूरा कर सके हैं, जबकि शेष लंबित मामलों में कई लाभुक पिछले पांच वर्षों से निष्क्रिय बने हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि सरकारी राशि लेने के बाद निर्माण कार्य शुरू नहीं करना नियमों का उल्लंघन है और इससे योजना की गति प्रभावित हो रही है।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि संबंधित लाभुकों को दो-दो बार नोटिस भेजा जा चुका है, लेकिन अधिकांश मामलों में कोई संतोषजनक प्रगति नहीं हुई। अब एक सप्ताह के भीतर अंतिम नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद भी यदि निर्माण कार्य शुरू नहीं होता है तो नगर परिषद नीलाम वाद की प्रक्रिया अपनाएगी और सरकारी राशि की वसूली की कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने इस मामले में केवल दंडात्मक कार्रवाई पर ही जोर नहीं दिया है, बल्कि लाभुकों की वास्तविक समस्याओं को समझने की भी पहल शुरू की है। ईओ ने योजना से जुड़े पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि वे सभी लंबित लाभुकों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी आर्थिक, तकनीकी अथवा अन्य परेशानियों की जानकारी लें।

साथ ही निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने के लिए आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाए। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी और समीक्षा की जिम्मेदारी सिटी मैनेजर स्तुति सिन्हा को सौंपी गई है।इधर प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2.0 के तहत चयनित 375 नए लाभुकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। नगर परिषद प्रशासन ने बताया कि सभी लाभुकों को पहली किस्त की राशि उपलब्ध करा दी गई है और अधिकांश ने निर्माण कार्य शुरू भी कर दिया है। कई लाभुक अब दूसरी किस्त जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।योजना के तहत प्रत्येक लाभुक को कुल 2.50 लाख रुपये तीन चरणों में दिए जाते हैं, ताकि जरूरतमंद परिवार अपना पक्का मकान तैयार कर सकें।

