बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, नावानगर थाना में हुई शांति समिति की बैठक
आगामी बकरीद पर्व को लेकर नावानगर थाना परिसर में बुधवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने की। बैठक में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, धर्मगुरु तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

केटी न्यूज/नावानगर।
आगामी बकरीद पर्व को लेकर नावानगर थाना परिसर में बुधवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने की। बैठक में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, धर्मगुरु तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक में पर्व के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने, आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा अफवाहों से बचने पर विशेष चर्चा की गई। थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने कहा कि बकरीद का पर्व सौहार्द और कुर्बानी का प्रतीक है। सभी लोग आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं ताकि क्षेत्र में शांति का माहौल बना रहे।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा गश्ती बढ़ाई जाएगी। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों से सावधान रहने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की गलत सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही पर्व के दौरान साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखने पर भी सहमति बनी। अंत में थानाध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि बकरीद पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

