केसठ प्रखंड में जन शिकायत निवारण कैंप आयोजित, 26 मामलों में 11 का ऑन द स्पॉट समाधान
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 के अंतर्गत प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़, संवेदनशील, रोजगारोन्मुख और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ पहल के तहत केसठ प्रखंड में जन शिकायत निवारण कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप स्थानीय पंचायत के पंचायत सरकार भवन में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया।
केटी न्यूज/केसठ।
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 के अंतर्गत प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़, संवेदनशील, रोजगारोन्मुख और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ पहल के तहत केसठ प्रखंड में जन शिकायत निवारण कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप स्थानीय पंचायत के पंचायत सरकार भवन में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया।कैंप के दौरान सामाजिक सुरक्षा कोषांग, मनरेगा, अंचल कार्यालय समेत विभिन्न विभागों से कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 11 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जिससे संबंधित लाभुकों को तत्काल राहत मिली। वहीं शेष मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर दिया गया है, जिनका जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया गया।

हालांकि कैंप के दौरान कई विभागों के पदाधिकारियों की अनुपस्थिति भी देखने को मिली, जिसके कारण कुछ मामलों का समाधान नहीं हो सका। इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई। ग्रामीणों ने कहा कि सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर जन शिकायत समाधान दिवस आयोजित करने का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब सभी संबंधित विभागों के अधिकारी निर्धारित समय पर उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रशासन से कैंप की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा सभी विभागों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की।प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार सौरभ ने बताया कि सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निष्पादन मौके पर संभव नहीं हो सका है, उन्हें संबंधित विभागों को भेज दिया गया है और उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को लेकर ऐसे कैंपों में भाग लें, ताकि प्रशासन को उनकी समस्याओं के समाधान में सुविधा हो सके।इस अवसर पर कार्यक्रम पदाधिकारी गौरव कुमार , पंचायत रोजगार सेवक जितेन्द्र कुमार सिंह, पप्पू खान, बिहारी सिंह सहित कई अन्य कर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

