प्रखंड सह जन कल्याण सहयोग शिविर में उमड़ी भीड़, योजनाओं के लाभ और समस्याओं के समाधान पर रहा जोर

जिलाधिकारी साहिला के निर्देश के आलोक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रखंड सह जन कल्याण सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं लाभुकों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं और मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा।

प्रखंड सह जन कल्याण सहयोग शिविर में उमड़ी भीड़, योजनाओं के लाभ और समस्याओं के समाधान पर रहा जोर

__ जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न प्रखंडों में आयोजित शिविरों में लोगों ने रखीं अपनी समस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन

केटी न्यूज/बक्सर

जिलाधिकारी साहिला के निर्देश के आलोक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रखंड सह जन कल्याण सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं लाभुकों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं और मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा।शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे वरीय पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान भी किया गया। राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, मनरेगा, जीविका, श्रम, विद्युत, पेयजल, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण-पत्र सहित अन्य विभागों के स्टॉल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे।संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने लाभुकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

वहीं, विभिन्न योजनाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन कर कई लोगों को तत्काल राहत प्रदान की गई।जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।शिविर के दौरान ग्रामीणों ने भूमि विवाद, पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा प्रमाण-पत्र निर्गत करने से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।वरीय पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के सहयोग शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

इससे न केवल सरकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो रहा है, बल्कि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान भी संभव हो रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में ऐसे शिविरों में भाग लेकर सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें।प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार भविष्य में भी इसी तरह के शिविरों का आयोजन जारी रहेगा, ताकि सरकारी सेवाओं की पहुंच गांव-गांव तक सुनिश्चित की जा सके।