__ गीत-संगीत और नृत्य के जरिए कलाकारों ने गिनाए शराब सेवन के दुष्परिणाम, लोगों को दिलाई नशा नहीं करने की शपथ
केटी न्यूज/डुमरांव।
शराबबंदी कानून के प्रति लोगों को जागरूक करने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार को डुमरांव में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान शहर के वार्ड संख्या 18 स्थित लालगंज कड़वी और रेलवे स्टेशन के समीप नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने नाटक, गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से लोगों को शराब सहित सभी प्रकार के नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया।उत्पाद विभाग के साथ पहुंची नुक्कड़ नाटक मंडली ने अपने आकर्षक और मनोरंजक अंदाज में शराब सेवन से होने वाले दुष्परिणामों को प्रस्तुत किया।

कलाकारों ने नाटक के माध्यम से बताया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि इससे परिवार की खुशियां और सामाजिक प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती हैं। नशे के कारण आर्थिक और पारिवारिक परेशानियां बढ़ती हैं तथा समाज में कई तरह की समस्याएं उत्पन्न होती हैं। कलाकारों ने लोगों से खुद नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान दोनों स्थानों पर आसपास के लोगों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी रही। गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से दी गई सीख लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। मनोरंजक प्रस्तुति के जरिए कलाकारों ने गंभीर सामाजिक संदेश को सहज और प्रभावशाली तरीके से लोगों तक पहुंचाया।

नाटक की प्रस्तुति समाप्त होने के बाद उपस्थित लोगों को शराब का सेवन नहीं करने और किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर संतोष कुमार पाठक ने किया। मौके पर डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा सहित उत्पाद विभाग और स्थानीय थाना के बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।स्थानीय लोगों ने उत्पाद विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रमों से आम लोगों को जागरूक करने में काफी मदद मिलती है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।