सड़क-नाली विवाद खत्म, प्रशासनिक पहल से खुला विकास का रास्ता
राजपुर प्रखंड की मंगरॉव पंचायत में लंबे समय से सड़क और नाली निर्माण को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों की संयुक्त बैठक में सहमति बनने के बाद अब रुका हुआ विकास कार्य जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।


--मंगरॉव पंचायत में तीन साल पुरानी जलजमाव समस्या के समाधान पर बनी सहमति, ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में सहयोग का दिया भरोसा
केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर प्रखंड की मंगरॉव पंचायत में लंबे समय से सड़क और नाली निर्माण को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों की संयुक्त बैठक में सहमति बनने के बाद अब रुका हुआ विकास कार्य जल्द शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।दरअसल, मंगरॉव पंचायत भवन के आसपास पिछले करीब तीन वर्षों से जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई थी। बरसात और घरेलू पानी के कारण सड़क पर कीचड़ जमा रहने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

समस्या के स्थायी समाधान के लिए पंचायत स्तर पर मुरली साह के घर से संगरॉव शिव मंदिर तक मिट्टी भराई और पीसीसी सड़क निर्माण की योजना तैयार की गई थी।हालांकि, संगरॉव स्थित महादलित बस्ती के लोगों ने नाली निर्माण की मांग उठाते हुए सड़क निर्माण कार्य पर आपत्ति जता दी थी। ग्रामीणों का कहना था कि यदि पहले जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो घरों का पानी सड़क पर जमा होगा और समस्या और बढ़ जाएगी। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी।मामले को गंभीरता से लेते हुए मुखिया आनंद प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में पंचायत भवन में विशेष बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बीपीआरओ अभिषेक पाठक और थानाध्यक्ष निवास कुमार ने दोनों पक्षों की बातें सुनीं और समाधान निकालने की पहल की।बीपीआरओ ने मौके पर मौजूद अभियंता को निर्देश दिया कि जिन घरों से पानी निकासी प्रभावित हो रही है, वहां तत्काल सर्वे कर सोखता निर्माण की योजना तैयार की जाए। प्रशासन के इस प्रस्ताव पर दोनों गांवों के लोगों ने सहमति जताई और विकास कार्य में सहयोग करने का भरोसा दिया।

बैठक में प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी विकास कार्य में बाधा पहुंचाने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष निवास कुमार ने ग्रामीणों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए विकास योजनाओं को सफल बनाने की अपील की।बैठक में ललन पांडेय, मुन्ना राय, हरिहर सिंह, मार्केण्डेय यादव, राधेश्याम सिंह, कमलेश सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

