भटौली पंचायत को मिला भव्य प्रवेश द्वार, विकास कार्य को लेकर ग्रामीणों में उत्साह

प्रखंड की भटौली पंचायत में मंगलवार को ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई। पंचायत की ओर से 15वीं वित्त आयोग योजना के तहत निर्मित भव्य प्रवेश द्वार का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया गया। उद्घाटन के बाद प्रवेश द्वार को पंचायतवासियों को समर्पित कर दिया गया।

भटौली पंचायत को मिला भव्य प्रवेश द्वार, विकास कार्य को लेकर ग्रामीणों में उत्साह

केटी न्यूज/नावानगर

प्रखंड की भटौली पंचायत में मंगलवार को ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई। पंचायत की ओर से 15वीं वित्त आयोग योजना के तहत निर्मित भव्य प्रवेश द्वार का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया गया। उद्घाटन के बाद प्रवेश द्वार को पंचायतवासियों को समर्पित कर दिया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में पंचायत के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और विकास कार्य को लेकर खुशी जताई। समारोह में बक्सर मुख्यालय के डीएसपी पंकज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

ऐसे निर्माण कार्य न केवल गांव की पहचान को नई पहचान देते हैं, बल्कि स्थानीय लोगों में अपने गांव के प्रति गौरव की भावना भी बढ़ाते हैं। पंचायत के मुखिया विजय कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह ने कहा कि पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों की मांग और आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए प्रवेश द्वार का निर्माण कराया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी पंचायत में विकास योजनाओं को गति दी जाएगी। पंचायत सचिव कुंदन कुमार ने बताया कि प्रवेश द्वार का निर्माण 15वीं वित्त आयोग योजना की राशि से कराया गया है।

इसका उद्देश्य पंचायत की पहचान को सुदृढ़ करना तथा गांव में आने वाले लोगों का स्वागत एक आकर्षक स्वरूप में करना है। उद्घाटन समारोह में सुनील कुशवाहा, विरोधी कुशवाहा, हिमांशु सिंह, मनन पासवान, सरदार सिंह कुशवाहा, बीरेंद्र पांडेय, सुनील सिंह, इफ्ताक अंसारी, लियाकत अंसारी, रविशंकर कुशवाहा सहित पंचायत के सभी वार्ड सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने इसे पंचायत के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।