डुमरांव स्टेशन पर 14 जून को होगा विशाल धरना, रेल सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव को लेकर बनेगी रणनीति

रेलयात्री कल्याण समिति, शाखा डुमरांव की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित की गई, जिसमें आगामी 14 जून को डुमरांव रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित एकदिवसीय धरना को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक एक निजी आवास पर आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय कमेटी के वरिष्ठ सदस्य डॉ. एस.के. सैनी ने की, जबकि संचालन रामबाबू कुशवाहा ने किया।

डुमरांव स्टेशन पर 14 जून को होगा विशाल धरना, रेल सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव को लेकर बनेगी रणनीति

__ रेलयात्री कल्याण समिति की बैठक में तैयारी समिति गठित, बृहद मांग पत्र तैयार करने का निर्णय

केटी न्यूज/डुमरांव

रेलयात्री कल्याण समिति, शाखा डुमरांव की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित की गई, जिसमें आगामी 14 जून को डुमरांव रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित एकदिवसीय धरना को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक एक निजी आवास पर आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय कमेटी के वरिष्ठ सदस्य डॉ. एस.के. सैनी ने की, जबकि संचालन रामबाबू कुशवाहा ने किया।बैठक में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष बिजेंद्र यादव, केंद्रीय कमेटी के सदस्य रासबिहारी राय तथा भुवर सिद्दीकी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान धरना कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एक तैयारी समिति का गठन किया गया।

सर्वसम्मति से डॉ. एस.के. सैनी को समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं मुन्ना यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। छोटे सिंह, भुवर सिद्दीकी, रामजी प्रसाद, योगेश जी तथा श्याम जी को धरना आयोजन समिति का सदस्य बनाया गया।बैठक में डुमरांव रेलवे स्टेशन की मूलभूत सुविधाओं, प्रमुख ट्रेनों के ठहराव तथा रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर एक बृहद मांग पत्र तैयार करने का निर्णय लिया गया। मांग पत्र में डुमरांव स्टेशन पर पटना-मथुरा-कोटा एक्सप्रेस के नियमित ठहराव के साथ-साथ पटना-कुर्ला एक्सप्रेस, संघमित्रा एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस और पूर्वा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग प्रमुख रूप से शामिल होगी। इसके अलावा दानापुर रेल मंडल के सभी स्टेशनों पर यात्रियों की बुनियादी सुविधाओं की बहाली तथा पैसेंजर ट्रेनों का समयानुसार संचालन सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि उपर्युक्त मांगों को लेकर 14 जून को सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक डुमरांव स्टेशन पर विशाल एकदिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की समस्याओं के समाधान तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से विभिन्न स्टेशनों पर जारी रहेगा। साथ ही बक्सर-इटाढ़ी ओवरब्रिज में निर्माण के महज 24 घंटे के भीतर दरार आने और परिचालन बंद होने की घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी रेल मंत्रालय से की जाएगी।बैठक में प्रेम प्रकाश पांडेय, हरे राम ठाकुर, मनोज कुमार चौबे, विश्वेश्वर ठाकुर, रवीन्द्र तिवारी, सुधांशु भगत सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।