बक्सर को मिलेगा 24.42 करोड़ की लागत से महर्षि विश्वामित्र पार्क, ईको-पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

बक्सर जिले के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व को नई पहचान देने के लिए 24 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से महर्षि विश्वामित्र पार्क का निर्माण किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि पहले चरण में 8 करोड़ 11 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

बक्सर को मिलेगा 24.42 करोड़ की लागत से महर्षि विश्वामित्र पार्क, ईको-पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर जिले के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व को नई पहचान देने के लिए 24 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से महर्षि विश्वामित्र पार्क का निर्माण किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि पहले चरण में 8 करोड़ 11 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य ईको-पर्यटन को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण को सुनिश्चित करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना है। पार्क को गायत्री मंत्र की थीम पर विकसित किया जाएगा, जिसमें ध्यान केंद्र, वैदिक शैली के पथ, हरित संरचनाएं और धार्मिक श्लोकों से सुसज्जित प्राकृतिक स्थल होंगे, ताकि आगंतुकों को प्रकृति और आध्यात्मिकता का अनोखा अनुभव मिल सके।

पार्क में हरियाली और जैव विविधता को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसके तहत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, औषधीय पौधों की नर्सरी और स्थानीय व प्रवासी पक्षियों के लिए संरक्षित क्षेत्र बनाए जाएंगे। परियोजना के लिए मृत सोन नहर की भूमि का उपयोग किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बक्सर महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि रही है। धार्मिक मान्यता है कि यहीं उनके आश्रम में भगवान राम और लक्ष्मण ने शस्त्र एवं शास्त्र की शिक्षा प्राप्त की थी। इस ऐतिहासिक और पौराणिक धरोहर को संरक्षित करने के उद्देश्य से भी यह पार्क महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार प्राकृतिक और आध्यात्मिक धरोहरों को सहेजने और उन्हें पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। महर्षि विश्वामित्र पार्क इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।इस निर्णय पर भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा और प्रभारी मंत्री नितिन नवीन के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि यह पार्क बक्सर के गौरवशाली आध्यात्मिक इतिहास को पुनर्जीवित करेगा और पर्यटन को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।