जमीन की सीमांकन रेखा बनी संघर्ष की वजह, दोनों पक्षों के 18 लोगों पर केस

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के रेहियां गांव में जमीन के सीमांकन और पिलर गाड़ने को लेकर उत्पन्न विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुराने भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जमीन की सीमांकन रेखा बनी संघर्ष की वजह, दोनों पक्षों के 18 लोगों पर केस

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के रेहियां गांव में जमीन के सीमांकन और पिलर गाड़ने को लेकर उत्पन्न विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुराने भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।जानकारी के अनुसार, एक पक्ष द्वारा पूर्व में मापी गई जमीन पर सीमांकन के लिए पिलर लगाया जा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और जमीन पर दावा जताते हुए इसका विरोध करने लगे। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में कई लोगों को चोटें आईं।

घटना के बाद घायल कुंज बिहारी राम के बयान पर कृष्णाब्रह्म थाना में मुन्ना कुमार राम, अभय कुमार राम, उदय कुमार राम सहित कुल 10 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने संगठित होकर हमला किया तथा मारपीट कर नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।वहीं दूसरे पक्ष ने भी खुद को पीड़ित बताते हुए पुलिस से शिकायत की है। घायल वकील राम के बयान पर रोहित कुमार राम, राहुल कुमार राम, मोहित कुमार राम समेत कुल आठ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान कुछ लोगों ने घेरकर हमला किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस की सक्रियता से स्थिति सामान्य बनी हुई है। कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।