बिजली विभाग की सख्ती: अवैध कनेक्शन पर चला अभियान, दस उपभोक्ताओं पर मामला दर्ज
बिजली विभाग द्वारा बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विशेष जांच की गई। इस दौरान कई स्थानों पर अवैध तरीके से बिजली उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। विभागीय टीम की जांच में दस उपभोक्ताओं को मीटर से पहले बाईपास कनेक्शन लगाकर बिजली का इस्तेमाल करते पकड़ा गया।
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
बिजली विभाग द्वारा बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विशेष जांच की गई। इस दौरान कई स्थानों पर अवैध तरीके से बिजली उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। विभागीय टीम की जांच में दस उपभोक्ताओं को मीटर से पहले बाईपास कनेक्शन लगाकर बिजली का इस्तेमाल करते पकड़ा गया।बिजली विभाग की टीम को पूर्व से सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र के कुछ गांवों में उपभोक्ता मीटर को दरकिनार कर सीधे लाइन से बिजली का उपयोग कर रहे हैं।

इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग के अधिकारियों ने टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान कई घरों में जांच की गई, जिसमें पाया गया कि कुछ लोगों ने मीटर से पहले ही तार जोड़कर अवैध कनेक्शन बना लिया था।अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की बिजली चोरी से विभाग को राजस्व की क्षति होती है और साथ ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है। जांच के दौरान पकड़े गए उपभोक्ताओं के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

इस संबंध में कोरानसराय के सहायक विद्युत अभियंता अर्जुन वर्मा ने कृष्णाब्रह्म थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनके आवेदन के आधार पर पुलिस ने इंद्रजीत राम, तारकेश्वर पासवान, अनिल यादव, अभय कुमार सिंह सहित कुल दस लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

