करंट से युवक की मौत के बाद मुआवजे की मांग तेज, जांच व कार्रवाई की उठी आवाज

कोरानसराय थाना क्षेत्र के पिपरी गांव में बिजली पोल के संपर्क में आने से युवक की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर पीड़ित परिवार को मुआवजा देने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठने लगी है।

करंट से युवक की मौत के बाद मुआवजे की मांग तेज, जांच व कार्रवाई की उठी आवाज

केटी न्यूज/डुमरांव

कोरानसराय थाना क्षेत्र के पिपरी गांव में बिजली पोल के संपर्क में आने से युवक की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर पीड़ित परिवार को मुआवजा देने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठने लगी है।जानकारी के अनुसार पिपरी गांव निवासी छठू यादव के 35 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार यादव की करंट लगने से मौत हो गई थी। बताया जाता है कि बिजली पोल पर कार्य के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति शुरू हो जाने से वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई।

युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपक परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य बताया जा रहा है, जिसके असमय निधन से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी बिहार के प्रदेश श्रमिक अध्यक्ष ओपी तिवारी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यदि बिजली विभाग समय रहते सावधानी बरतता तो इस तरह की दुखद घटना से बचा जा सकता था। उन्होंने पूरे मामले की विभागीय जांच कराने और लापरवाही के दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मृतक के परिजनों को 12 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के साथ पेंशन की व्यवस्था की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को सहारा मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन को ऐसे मामलों में त्वरित राहत और संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।गौरतलब है कि युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य सड़क को जाम कर दिया था और मौके पर वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग की थी। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल बना हुआ हैं।